कुश्ती में अनुज बने जिला कुमार, अंकुश ने जीता केसरी का खिताब
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। जिला कुमार एवं जिला केसरी मुकाबलों में इस बार भूना के गांव नहला का दबदबा रहा है। जिला कुमार एवं केसरी दोनों ही भूना के गांव नहला से चुने गए हैं। भोड़ियाखेड़ा स्टेडियम के इंडोर हाल में आयोजित जिला कुमार कुश्ती प्रतियोगिता में गांव नहला के अनुज ने पहला स्थान हासिल किया जबकि गांव कुम्हारिया के विश्वजीत उप विजेता बने। इसी तरह जिला केसरी के मुकाबलों में भी गांव नहला के अंकुश ने बाजी मारी जबकि गुरप्रीत को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। लड़कियों के मुकाबले में जिला कुमारी का खिताब गांव दहमन की ज्योति ने जीता जबकि भूना की ममता को उप विजेता बनकर ही संतोष जताना पड़ा। इसी तरह जिला केसरी के महिला वर्ग में गांव भोड़ियाखेड़ा की आरजू ने खिताब अपने नाम किया जबकि दहमन की प्रीति ने उप विजेता का पुरस्कार जीता। इसके अलावा विभिन्न भार वर्ग में भी कुश्ती के कई मुकाबले हुए, जिनमें अंडर-17 में 41-45 किलो में सुशील और रवि, 48 किलो में सौरभ, 51 किलो में सचिन, 55 किलो में चंदमोहन, 60 किलो में रामरजत, 65 किलो में नवीन ने बाजी मारी। अंडर-21 में 57 किलो वर्ग में अजय, 61 किलो में कपिल, 65 किलो में कर्ण सिंह, 70 किलो में विश्वजीत, 74 किलो में संजय, 79 किलो में वीरेंद्र, 86 किलो में गुरुप्रीत ने मुकाबले अपने नाम किए। इसी तरह लड़कियों की अंडर-21 वर्ग में 50 किलो भार वर्ग में सोनिया, 55 किलो में निकिता, 59 किलो में सिमाक्षी, 62 किलो में अनुष्का, 65 किलो में नेहा एवं 68 किलो में मंदीप कौर विजेता घोषित की गई।
इससे पहले दूसरे दिन इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों का शुभारंभ जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी सुदेश कुमार ने किया। अपने संबोधन में जिला खेल अधिकारी सुदेश कुमार ने कहा कि पहलवानी में भारत का भविष्य उज्ज्वल है और छोटी उम्र से ही कुश्ती के दांव-पेंच सीखकर इसका निरंतर अभ्यास करने वाला पहलवाल ओलंपिक तक में भारत का नाम स्वर्णाश्ररों में लिखवा सकता है। इस मौके पर उप अधीक्षक राजेंद्र कुमार, सुरेंद्र कुमार, कुश्ती कोच सत्यनारायण, अनिल कुमार, प्रदीप कुमार, कुलदीप कोच सहित अनेक गांवों से आए विभिन्न भार वर्ग के महिला-पुरुष पहलवान भी मौजूद रहे।