अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। भट्टू खंड के गांव किरढान के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के हॉस्टल में रहने वाली 41 बच्चियां एक साथ ही वायरल की चपेट में आ गई। स्कूल स्टाफ ने आनन-फानन में बच्चियों को उपचार के लिए फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। एक साथ 40 से अधिक बच्चियों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और बच्चियों के स्वास्थ्य संबंधी अपडेट चिकित्सकों से लिया। बाद में सिविल सर्जन डा. मनीष बंसल ने पत्रकारों को बताया कि पिछले दिनों की बारिश के बाद एकाएक मौसम में बदलाव हुआ है। जिसके चलते बच्चियों को ये दिक्कत हुई है। उन्होंने कहा कि पहले तीन-चार छात्राओं को ही ये समस्या हुई थी, लेकिन बाद में हवा में संक्रमण के चलते ये बाकी छात्राओं में भी फैल गया। उन्होंने बताया कि स्थिति बहुत ज्यादा गंभीर नहीं है, छात्राओं का उपचार शुरू कर दिया गया है और बहुत जल्दी उनकी तबीयत में सुधार होगा।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंची स्कूल अध्यापिका सीमा सरदाना ने बताया कि स्कूल के हॉस्टल में 73 लड़कियां रहती हैं। इनमें से चार छात्राओं को बीते दिन खांसी व जुकाम की शिकायत थी। इसके बाद उन्हें भट्टू के स्वास्थ्य सब सेंटर से दवाई दिलवाई गई थी। लेकिन दवाई के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ था। इस बीच वो छात्राएं भी हॉस्टल में आ गई। जिसके बाद शुक्रवार दोपहर तक बाकी छात्राओं में भी वायरल का संक्रमण फैल गया और 41 छात्राएं वायरल की चपेट में आ गई। प्रभावित छात्राओं को खांसी व जुकाम की ज्यादा समस्या बताई गई है। छात्राओं में तेजी से फैले वायरल से विद्यालय प्रशासन के हाथ पांव फूल गए और आनन फानन में छात्राओं को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वायरल से प्रभावित छात्राओं में शामिल गांव किरढान की अंजना, मानावाली की वर्षा, ठुईयां की आरती आदि ने बताया कि पिछले दो दिन से उनकी तबीयत काफी खराब थी और लगातार खांसी के चलते उन्हें रातभर नींद तक नहीं आई।
वर्जन
तापमान में आई गिरावट के चलते छात्राओं में फैला वायरल : चिकित्सक
बीते दिनों हुई बारिश के कारण तापमान में अचानक आई गिरावट के कारण यह वायरल फैला है। वायरल के कारण छात्राओं को गले में एलर्जी हो गई है जिससे उन्हें बार बार खांसी आ रही है। उन्होंने कहा कि सभी छात्राओं का चेकअप कर इलाज कर दिया है। जल्द ही उन्हें आराम मिल जाएगा।
- डा. आरसी गोयल, बाल रोग विशेषज्ञ, नागरिक अस्पताल
हॉस्टल में वायरल फैलने की करवाएंगे जांच : सिविल सर्जन
छात्राओं को वायरल तथा खांसी की शिकायत है, फिलहाल सभी छात्राओं का चेकअप कर दवाई दे दी गई है। अब सभी छात्राओं की हालत स्थिर है। हॉस्टल में वायरल किस कारण से फैला है इसकी जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम हॉस्टल व स्कूल का दौरा कर जांच करेगी।
- मुनीष बंसल, सीएमओ नागरिक अस्पताल फतेहाबाद