अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के रविवार के आगमन को लेकर पुलिस महानिरीक्षक अनिल राव ने लघु सचिवालय स्थित बैठक कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारी आपसी तालमेल के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें। उन्होंने कहा कि उच्चाधिकारियों का एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाएं ताकि किसी प्रकार का कोई कम्यूनिकेशन गैप न रहे। बैठक से पहले अनिल राव ने जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों व विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों की एक टीम के साथ भोडिया खेड़ा स्थित खेल स्टेडियम में बनाए गए हेलीपैड का निरीक्षण किया और सभा स्थल नई अनाज मंडी का भी दौरा किया।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को और ज्यादा मजबूत करते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए है। नई अनाज मंडी में संत शिरोमणि सतगुरू कबीर साहेब का 620वां प्रकट दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मुख्यातिथि होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पहुंचने वाले नागरिकों के लिए स्वच्छ पेयजल का उचित प्रबंध करे।
उपायुक्त डॉ. हरदीप सिंह ने बताया कि राष्ट्रपति के आयोजित कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर 7 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई है। अधिकारियों के साथ बैठक में प्रतिदिन आयोजन को लेकर हुई प्रगति की भी समीक्षा की जा रही है तथा खेल स्टेडियम व सभा स्थल का समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जा रहा है। बैठक में हिसार रेंज आईजी संजय कुमार, सिक्योरिटी आईजी हनीफ कुरैशी, जींद एसपी डॉ अरूण नेहरा, सिरसा एसपी हामिद अख्तर, क्राइम ब्रांच एसपी अश्वनी सैणवी, हांसी एसपी प्रतीक्षा गोदारा, फतेहाबाद एसपी दीपक सहारण, एडीसी डॉ जेके आभीर, एसडीएम सतबीर जांगु, सरजीत नैन, सीडीएलयू वीसी विजय कायत, जय भगवान कायत, विभिन्न विभागों व विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी मौजूद थे।