अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
बीती देर रात गांव दरियापुर के पास अचानक लावारिस पशु आने के चलते दुर्घटनाग्रस्त हुई सीआईए हिसार की गाड़ी में सवार एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई है जबकि चार अन्य घायल हो गए हैं। मृतक पुलिसकर्मी की पहचान एएसआई हरपिंद्र सिंह निवासी ललौदा गांव (टोहाना) के रूप में हुई है। मृतक के शव हिसार सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे में घायल हुए बाकी पुलिसकर्मियों व एक मुजरिम का हिसार के विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार सीआईए हिसार की एक टीम में शामिल एएसआई सत्यवान, एएसआई हरपिंद्र, धर्मपाल आदि एक सूमो गाड़ी में सवार होकर पंजाब में किसी आरोपी को पकड़ने गए थे। आरोपी को पकड़कर जब वो वापिस लौट रहे थे तो शनिवार देर रात लगभग 12 बजे के आसपास गांव दरियापुर के पास उनकी गाड़ी के आगे एक लावारिस पशु आ गया जिसके कारण गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और उनकी गाड़ी पलट गई। हादसे में गाड़ी में सभी पुलिसकर्मी और मुजरिम घायल हो गए। आनन-फानन में आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने इसकी सूचना सरकारी अस्पताल की एंबुलेंस व पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। फतेहाबाद नागरिक अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने एएसआई हरपिंद्र सिंह व एक अन्य की गंभीर हालत को देखते हुए उपचार के लिए हिसार रेफर कर दिया। रविवार सुबह एएसआई हरपिंद्र सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही हिसार पुलिस व फतेहाबाद पुलिस के आला अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों को सांत्वना दी।