फतेहाबाद। गांव अलीका में 31 सदस्यीय कमेटी की घोषणा करते नशामुक्ति सेना के संस्थापक भवानी सिंह।
फतेहाबाद। गांव अलीकां को नशामुक्त बनाने के लिए 31 सदस्यीय नशामुक्ति कमेटी गठित की गई। कमेटी घर-घर जागरूकता फैलाने के साथ नशा पीड़ितों की मदद करेगी। ग्रामीणों ने नशे की बिक्री रोकने का संकल्प भी लिया।
महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट एवं नशामुक्ति सेना की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थापक भवानी सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता सामाजिक बदलाव की पहली सीढ़ी है। हर नागरिक और युवा को इसके खिलाफ एकजुट होना होगा।
उन्होंने कहा कि नशे का बढ़ता प्रचलन युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चिंता है। युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद और सामाजिक कार्यों में लगानी चाहिए। नशामुक्ति सेना का उद्देश्य नशा पीड़ितों को प्रताड़ित करना नहीं बल्कि मार्गदर्शन देकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों पर नाटक और गीत प्रस्तुत किए।
ग्रामीणों ने गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। कमेटी में जीताराम प्रधान, विपिन कुमार, राकेश कुमार, अंगद देव, रामचंद्र, महेंद्र सिंह नंबरदार, राम सामा, कृष्ण सामा आदि को शामिल किया गया। इस अवसर पर सरपंच मोनिका, स्कूल प्रिंसिपल डॉ. नरेश कुमार और एसएमसी प्रधान डॉ. मिलख राज मौजूद रहे।