फतेहाबाद के फ्लू क्लीनिक में सैंपल देते लोग।
- फोटो : Fatehabad
जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। सैंपलिंग बढ़ने के साथ-साथ कोरोना संक्रमित मामले सामने आ रहे हैं। मौत का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। शुक्रवार को अग्रोहा मेडिकल में दाखिल जाखल निवासी 86 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग 20 सितंबर को संक्रमित मिला मिला था और कई गंभीर बीमारियों से ग्रस्त था। सांस, डायबिटिज बीमारी होने के कारण स्वास्थ्य विभाग ने अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया था। शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। अब तक जिले में 31 कोरोना संक्रमित की मौत हो चुकी है। वहीं शुक्रवार को आंकड़ा 2100 के पार हो गया। टोहाना डीएसपी बिरम सिंह की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके अलावा ई दिशा केंद्र के 10 कर्मचारी समेत 43 कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिले में अब तक 30 मौतें भी हो चुकी हैं। शुक्रवार शाम तक जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 2133 हो गई है। इसमें 338 मरीज सक्रिय हैं। 1764 मरीज ठीक हो चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक तीन दिन पहले ई दिशा केंद्र में 31 कर्मचारियों के स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल लिए थे। जांच रिपोर्ट में 10 कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें चार महिला कर्मचारी शामिल है। कोरोना संक्रमित केस मिलने के बाद सोमवार तक ई दिशा केंद्र को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा कृषि विभाग कार्यालय में 38 और 42 वर्षीय कर्मचारी कोरोना संक्रमित मिला है। फतेहाबाद शहर के सूर्या एन्क्लेव कॉलोनी में 26 वर्षीय युवती संक्रमित मिली है। गांव मानावाली में तीन भाई-बहन संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा 64 वर्षीय महिला संक्रमित मिली है। गांव रामसरा में महिला और उसकी दो बेटियां संक्रमित मिली हैं। टोहाना के फ्रेंडस कॉलोनी में 39 वर्षीय युवक संक्रमित मिला है। टोहाना के डीएसपी बिरम सिंह संक्रमित मिले हैं। टोहाना के दमकौरा रोड निवासी बाप-बेटा संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा गांव धोलू निवासी 20 वर्षीय युवक संक्रमित मिला है। इसके अलावा टोहाना में मूनक निवासी 43 वर्षीय महिला संक्रमित मिली है।
शिक्षकों को देनी होगी फीस : सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक परामर्श के लिए सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को खोला जा चुका है। इसके लिए शिक्षकों को पहले कोरोना टेस्ट करवाना जरूरी है। लेकिन इसी बीच अब सरकार ने फीस निर्धारित कर दी है। शिक्षकों को जांच के लिए फीस देनी होगी। शुक्रवार को प्राइवेट स्कूल के शिक्षकों ने फीस भरकर रेपिड एंटीजन टेस्ट करवाया।
घर में शादी है हम नहीं देंगे सैंपल: स्वास्थ्य विभाग की टीम कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों के सैंपल लेने के लिए डोर टू डोर जा रही है लेकिन लोग सैंपल देने को तैयार नहीं है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम जब एक घर में सैंपल लेने के लिए गई तो उन्होंने यह कहकर देने से मना कर दिया कि उनके घर में शादी समारोह होने वाला है अगर सैंपल दिया और पॉजिटिव आ गए तो शादी नहीं हो पाएगी। टीम ने समझाने का प्रयास किया लेकिन परिवार सैंपल देने के लिए तैयार नहीं हुआ। इसके बाद टीम वापस लौट आई।