फतेहाबाद। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर 31 अक्तूबर की राज्य सरकार की ओर से जिले में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इममें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। सुबह 7 बजे पंचायत भवन से एमएम कॉलेज तक रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा।
मंगलवार को अंबाला रेंज के आईजी पंकज नैन की अध्यक्षता में लघु सचिवालय के वीसी सभागार में जिला अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित हुई। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। आईजी पंकज नैन ने कहा कि शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों, खिलाड़ियों सहित करीब 30 हजार युवाओं एवं आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए ताकि राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि इस मैराथन के सफल आयोजन के लिए सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं की ओर से ज्यादा से ज्यादा संख्या में वॉलंटियर तैनात किए जाएं ताकि रास्ते में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के अधिकारी आपसी तालमेल के साथ कार्य करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रन फॉर यूनिटी से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाए, ताकि कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, शहरी स्थानीय निकाय विभाग, पुलिस, खेल विभाग, पंचायत राज, शिक्षा विभाग, माई भारत सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे एक प्रभावी कार्ययोजना बनाते हुए कार्य करें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राष्ट्रीय एकता के प्रतीक कार्यक्रम में राष्ट्र ध्वज की गरिमा का भी ख्याल रखा जाए। बैठक में एसपी सिद्धांत जैन, एडीसी अनुराग ढालिया, टोहाना एसडीएम आकाश शर्मा, रतिया एसडीएम सुरेंद्र सिंह, फतेहाबाद एसडीएम राजेश कुमार, जिप सीईओ सुरेश कुमार, सीटीएम गौरव गुप्ता, डीएसपी जगदीश काजला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।