रतिया। डिस्पोजल मशीन की ऑनलाइन खरीदने के बहाने ऑनलाइन पेमेंट के लिए क्यूआर कोड मंगवाकर रतिया के एक युवक के खाते से 30 हजार रुपये साफ कर दिए गए। ऑनलाइन फ्रॉड के इस मामले की शिकायत पुलिस और बैंक प्रबंधन को दी गई है। पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को दी गई शिकायत में शहर की अग्रवाल कॉलोनी के रहने वाले रोहित ने बताया कि उसने कुछ समय पहले डिस्पोजल तैयार करने की नई मशीन खरीदी थी। अब उसने मशीन बेचनी थी। उसने मशीन बेचने के लिए इसकी जानकारी ऑनलाइन साइट पर डाल दी जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपये है। तभी उसके पास एक फोन कॉल आया और फोन करने वाले ने अपने आप को गुरुग्राम निवासी अजीत बताते हुए मशीन खरीदने की बात कही और मशीन की एडवांस पेमेंट के तौर पर कुछ राशि भेजने की बात कही। एडवांस पेमेंट खाते में डालने के लिए क्यूआर कोड मांगा तो फोन करने वाले को उसने कोड भेज दिया। रोहित ने बताया कि क्यूआर कोड देने के बाद आरोपी ने पहले एक रुपया खाते में भेजा और इसके बाद उसके खाते से 30 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज प्राप्त हुआ। यह राशि उसके आईसीसीआई बैंक के खाता से निकाली गई। जब वह बैंक में पहुंचा तो उसे पता चला कि ठगों ने आनलाइन खरीद के बहाने धोखाधड़ी से उसके खाता से राशि निकाल ली। बैंक मेें खाता बंद करवाया व मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।