तीनों मृतक दिहाड़ी मजदूर थे और इन दिनों पंचायत चुनाव को लेकर चुनावी पोस्टर लगाने का काम करते थे। मृतकों की पहचान अनिल उर्फ गाडिया (25), सीताराम (21) और रिंकू (21) के रूप में हुई है।
तीनों निकटवर्ती गांव भोडियाखेड़ा के रहने वाले हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार तीनों युवक फतेहाबाद से बीघड़ की ओर चुनावी पर्चे लगाने के लिए जा रहे थे तभी एक अल्टो कार से उनकी बाइक छू गई और असंतुलित होकर सामने से आ रही रोडवेज बस की चपेट में आ गई।
हादसे के वक्त अनिल एवं सीताराम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रिंकू ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा। हादसे की जानकारी मिलते ही शहर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया।
जहां शुक्रवार को उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा। आरोपी बस ड्राइवर बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसा इतना भयानक था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। इसके साथ एक मृतक का जबड़ा भी टूटकर सड़क पर गिर गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक पहुंचे अस्पताल
हादसे में तीन युवकों के मरने की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया नागरिक अस्पताल पहुंचे और मृतकों के परिजनों से संवेदनाएं जताई।
इस दौरान अस्पताल में भारी संख्या में ग्रामीण भी इकट्ठे हो गए। इसके अलावा जिस प्रत्याशी के लिए चुनावी पोस्टर लगाने के लिए उक्त तीनों मृतक जा रहे थे, उनके भी सैकड़ों कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। विधायक ने मृतकों के लिए मुआवजे की मांग करने की बात कही।
आज गांव में एक साथ जलेंगी तीन चिताएं
वीरवार शाम को हादसा होने के कारण मृतकों के शव को सामान्य अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया है। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
शुक्रवार दोपहर ही मृतकों के शव का अंतिम संस्कार होने की संभावना है। वीरवार देर शाम तक ग्रामीण इस हादसे को लेकर चर्चा करते रहे। शुक्रवार को गांव में एक साथ तीन चिताएं जलेंगी।
बीघड़ रोड पर हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई है। बाइक को टक्कर मारने वाले बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
दिनेश कुमार, सिटी एसएचओ, फतेहाबाद
07एफटीबीपी04: सड़क हादसे के बाद घायल युवक को अस्पताल लेकर जाने के लिए उठाते लोग ।
07एफटीबीपी05 : हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई बाइक के पास बिखरा खून देखते लोग ।
07एफटीबीपी 06: फतेहाबाद के सामान्य अस्पताल में सिटी एसएचओ से हादसे की जानकारी लेते विधायक बलवान ।
07एफटीबीपी07 : फतेहाबाद के सामान्य अस्पताल परिसर में हादसे के बाद पहुंचे लोगों की भीड़ ।