फतेहाबाद। शहर के रविदास चौक पर जगदंबा स्कूटी एंड मोटरसाइकिल वर्क्स के गल्ले से चोर ने चार दिन पहले तीन लाख रुपये चुरा लिए। मामले में दुकानदारों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और तलाश शुरू की और रविदास चौक पर आरोपी युवक को काबू कर लिया।
मामले में दुकानदार लाजपत नगर निवासी दिनेश सोनी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चोर शक्ति नगर निवासी क्रांति उर्फ शिवा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि युवक नशा करने का आदी है। शिकायत में दिनेश सोनी ने बताया कि उसकी रविदास चौक पर दुकान है। 24 दिसंबर को माजरा रोड निवासी एक व्यक्ति बुलेट बाइक की दो लाख रुपये राशि देकर गया था। इसके अलावा एक लाख रुपये उसके खुद के थे।
सोनी के अनुसार उसने राशि को गल्ले में रख दिया। घर पर कोई न होने के साथ राशि साथ ले जाता और लाता था। उसने राशि को गल्ले में रखा हुआ था और काम में व्यस्त था। जब शाम को गल्ला संभाला तो ताला टूटा मिला और राशि गायब थी। उसने अपने स्तर पर जांच शुरू की।
उसे शक है कि राशि शक्ति नगर निवासी क्रांति उर्फ शिवा ने चुराई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू की है।
शिवनगर में चोरी मामले में दो युवक गिरफ्तार
फतेहाबाद। शहर पुलिस ने शिव नगर के मकान में हुई चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों की पहचान छिंदा निवासी हुक्मावाली व मोनू निवासी कुकड़ावाली के रूप में हुई है।शहर थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि इस बारे में पुलिस ने 29 दिसंबर को शिव नगर निवासी प्रिंस की शिकायत पर केस दर्ज किया था। सुबह वह और उसके परिवार के लोग ड्यूटी पर चले गए थे। दोपहर को जब वह घर आया तो पाया कि अंदर कमरों के ताले टूटे हुए थे। चोर अलमारी से 95 हजार रुपये, सोने के गहने चोरी कर ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और केस दर्ज किया। जांच अधिकारी एएसआई सुशील ने सुराग जुटाते हुए दोनों को सेक्टर 11 के पास से गिरफ्तार किया है।