एंटी नारकोटिक्स टीम ने गांव एमपी रोही के पास कार सवार तीन युवकों को 20 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा है। पकड़े गए आरोपी तस्कर गांव बीसला निवासी अनिल कुमार, रोहताश उर्फ धोलू तथा गांव शहीदांवाली निवासी दीपक उर्फ दीपू के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। यहां से आरोपी अनिल व रोहताश को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया और दीपक उर्फ दीपू को एक दिन के रिमांड पर भेजा है। रिमांड के दौरान दीपक उर्फ दीपू ने बताया कि वह दिल्ली में नाइजीरियन से हेरोइन लेकर आए थे। आरोपियों के पास से बरामद हुई कार अनिल की बताई जा रही है।
मामले के मुताबिक एंटी नारकोटिक्स टीम ने एएसआई सुरेंद्र सिंह के साथ गांव बड़ोपल से एमपी रोही में गश्त कर रही थी। इस दौरान गांव बड़ोपल की तरफ से आ रही गाड़ी के चालक ने टीम को देखकर भागने की कोशिश की। टीम ने शक के आधार पर गाड़ी का पीछा करके काबू कर लिया। जांच के दौरान गाड़ी के डैश बोर्ड से 20 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बरामद की गई हेरोइन और गाड़ी को कब्जे में ले लिया।