फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

16 छात्राओं समेत 29 संक्रमित मिले, जाखल का कन्या स्कूल दो दिन के लिए बंद

विज्ञापन
विज्ञापन
जाखल स्थित राजकीय कन्या विद्यालय की 16 छात्राओं समेत जिले में 29 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। एक साथ 16 छात्राओं के संक्रमित मिलने के साथ ही शिक्षा विभाग से लेकर जिला प्रशासन तक हड़कंप मच गया। दो दिन के लिए जाखल के कन्या स्कूल को बंद कर दिया गया है। वहीं, रविवार को छुट्टी के बावजूद डीईओ दयानंद सिहाग ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को एडवाजरी जारी कर दी है।
विज्ञापन

गौरतलब है कि शनिवार देर रात को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में जाखल स्थित राजकीय कन्या विद्यालय की 16 छात्राएं कोरोना संक्रमित मिली हैं। इन सभी छात्राओं को होम क्वारंटीन कर दिया गया। बता दें कि स्कूल की एक टीचर कोरोना संक्रमित मिली थी, जिसके बाद सभी छात्राओं के सैंपल लिए गए थे। स्कूल में 300 से अधिक छात्राएं पढ़ती हैं।
155 छात्राओं की रिपोर्ट का इंतजार, बढ़ सकता है आंकड़ा
जानकारी के अनुसार स्कूल में तीन सौ छात्राओं के सैंपल लिए गए थे। इनमें से 145 की रिपोर्ट आई, जिसमें से 16 छात्राएं कोरोना पॉजिटिव पाई गई। शेष 155 छात्राओं की रिपोर्ट आनी बाकी है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि पॉजिटिव केस की संख्या और बढ़ सकती है। चिंता इसलिए भी है कि जिस भवन में कन्या स्कूल चलता है, उसी में दूसरी शिफ्ट में लड़कों की कक्षाएं भी लगती हैं। ऐसे में अब स्वास्थ्य विभाग लड़कों और उनको पढ़ाने वाले स्टाफ सदस्यों के भी सैंपल लेगा। जाखल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य लैब अधिकारी सुरेंद्र सिंह का कहना है कि स्कूल के अन्य विद्यार्थियों की रिपोर्ट सोमवार को आएगी। इसी भवन में दूसरी शिफ्ट में कक्षाएं लगाने वाले विद्यार्थियों के भी सैंपल लिए जाएंगे।
विज्ञापन

वहीं, एक साथ इतनी संख्या में छात्राओं के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ ) दयानंद सिहाग ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को निर्देश दिए हैं कि वे अपने खंड के सभी राजकीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कोविड-19 से बचाव के बारे में जारी हिदायतों की पालना करवाएं। इसके लिए अपने स्तर पर स्कूलों में जांच करवाएं। जहां नियमों की अनदेखी हो रही है, उन स्कूल प्रबंधकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए भी कहा गया है। यही नहीं, बीईओ को अपने- अपने खंड का नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए कोविड-19 से बचाव संबंधी नियमों की पालना करवाने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों में लापरवाही मिलने पर संबंधित बीईओ को जिम्मेदार माना जाएगा। इसके अलावा कन्या स्कूल की छात्राओं के संपर्क में आए लोगों के कोरोना संबंधी टेस्ट करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
455 सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार
स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को 147 सैंपल लिए गए हैं। पिछले सैंपलों को मिलाकर अब तक 455 सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार है। इससे पहले रविवार को आई रिपोर्ट में 29 केस पॉजिटिव मिले हैं, जिनमें से सबसे अधिक संक्रमित जाखल क्षेत्र में हैं। अब तक जिले में 4866 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। वहीं सात मरीजों के स्वस्थ होने पर उन्हें घर भेज दिया गया, जिले में अभी भी 94 केस एक्टिव हैं। जबकि अब तक 4650 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और 122 लोगों की जान जा चुकी है।
ये हिदायतें की गई हैं जारी
- विद्यार्थियों के अभिभावकों से अनुरोध करें कि यदि किसी विद्यार्थी को जुकाम, खांसी, बुखार अथवा कोरोना से संबंधित कोई भी लक्षण प्रतीत हो तो ऐसे विद्यार्थी को विद्यालय में न भेजें तथा नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में विद्यार्थी की स्वास्थ्य जांच अवश्य करवाएं।
- विद्यालयों में विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था करते समय प्रत्येक विद्यार्थी की आपस की दूरी कम से कम 6 फीट रखी जाए।
- कोई भी विद्यार्थी, अध्यापक, कर्मचारी, आगंतुक विद्यालय में बिना फेस मास्क के प्रवेश न करें।
- विद्यालय में आने वाले सभी विद्यार्थी, अध्यापक, कर्मचारी, आगंतुक का तापमान थर्मल स्कैनर से जांचा जाए। सामान्य से अधिक तापमान पाए जाने पर उसे विद्यालय में प्रवेश की अनुमति न दें।
विज्ञापन

- सभी अध्यापक व कर्मचारी मास्क पहनकर ही दैनिक कार्य पूरे करें।
- विद्यार्थियों के कक्षा स्थल भवनों को समय-समय पर सैनिटाइज करवाएं।
- हाथ धोने के लिए उचित मात्रा में साबुन व पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
- कोई विद्यार्थी कोरोना पॉजिटिव मिले तो उसे तुरंत आइसोलेट करवाएं और उनके संपर्क में आने वालों के कोविड-19 संबंधी टेस्ट करवाएं।
कोट
जाखल के कन्या स्कूल को दो दिन के लिए बंद किया गया है। सभी बीईओ को स्कूलों में कोविड-19 संबंधी नियमों की पालना करवाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
- दयानंद सिहाग, डीईओ, फतेहाबाद।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें