कोरोना को लेकर मंगलवार थोड़ा राहत भरा रहा। 50 दिन बाद जिले में कोरोना से एक ही मौत हुई। 19 अप्रैल के बाद जिले में रोजाना एक से ज्यादा मौत हो रही थी। मंगलवार को पिछले 24 घंटे में 29 नए मामले आए। इसके अलावा 102 संक्रमित स्वस्थ हुए है। जिले में रिकवरी रेट 95.24 फीसदी तक पहुंच गया है। अभी फिलहाल 391 संक्रमित सक्रिय है।
इसमें से 63 अस्पतालों में दाखिल है। इसमें 38 सरकारी और 25 निजी अस्पताल में दाखिल है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक टोहाना निवासी 36 वर्षीय युवक की अग्रोहा मेडिकल में मौत हुई है। अभी तक जिले में 442 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा फतेहाबाद शहर में 8, भूना और टोहाना में एक-एक, रतिया में 5, भट्टू में 8, बड़ोपल में 2 तथा जाखल मं 4 संक्रमित मिले है।
जून में यूं रहा कोरोना से मौत का आंकड़ा
दिन नए केस मिले मौतें स्वस्थ हुए
1 87 7 233
2 86 4 214
3 64 4 123
4 69 5 134
5 29 4 107
6 59 5 100
7 29 2 77
8 29 1 102
जिले में अब 17411 केस मिले : स्वास्थ्य विभाग कोरोना के अब तक 207797 सैंपल ले चुका है। इसमें से 17411 संक्रमित मिल चुके है। 16583 कोरोना को हराकर स्वस्थ हो गए है। 442 लोगों की कोरोना से जान चली गई। अभी फिलहाल 391 सक्रिय केस है।
कोरोना योद्धाओं को किया गया सम्मानित : नागरिक अस्पताल में मंगलवार को कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किया गया। अस्पताल प्रशासन ने कोरोना महामारी में दिन-रात काम करने वाले कर्मचारियों को मेडल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। नोडल अधिकारी डॉ. लाजवंती गौरी ने बताया कि होम आइसोलेशन में काम करने वाली आशा वर्कर, एएनएम, बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी, डॉक्टर की टीम, कंप्यूटर ऑपरेटर, ई टेलीकॉलिंग टीम को सम्मानित किया है।
ब्लैक फंगस के दो आशंकित मरीज मिले : जिले में ब्लैक फंगस के दो आशंकित मरीज मिले हैं। दोनों मरीजों का उपचार अग्रोहा मेडिकल में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक अभी तक 40 आशंकित मरीज मिल चुके है इसमें से 28 की पुष्टि हुई है। 11 मरीज अब तक दम तोड़ चुके हैं।
कोरोना महामारी को लेकर जिले में स्थिति ठीक है। मंगलवार को एक ही कोरोना संक्रमित की मौत हुई है। लोग लापरवाही न बरतें और मास्क का प्रयोग जरूर करें। इसके अलावा जिन्होंने टीका नहीं लगवाया है वह लगवा लें। -डॉ. वीरेश भूषण, सिविल सर्जन।