रतिया। उपमंडल के गांव फूला में बुधवार दोपहर को कई एकड़ में रखी हुई पराली की गांठों में आग लग गई। इस कारण पराली विक्रेता को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग को बुझाया।
जानकारी के अनुसार गांव फूला में प्रगतिशील किसान नरेश कुमार, नरेंद्र कुमार व अन्य लोगों ने पराली की गांठें बनाकर कई एकड़ में रखी हुई थी। बताया गया है कि बुधवार दोपहर को पराली की गांठों में आग लग गई। यह आग फैलते-फैलते कई एकड़ में पहुंच गई। जैसे ही मालिक को सूचना मिली तो उन्होंने इसकी जानकारी दमकल विभाग को दी। सूचना मिलने ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची।
नरेश कुमार ने बताया कि उनकी लगभग 25,000 क्विंटल पराली की गांठें आग लगने से जल गई। इस कारण उसे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और कृषि विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया। जानकारी मिलने पर रतिया विधायक जरनैल सिंह भी गांव में पहुंचे और किसान को सांत्वना दी। विधायक ने भी प्रदेश सरकार से किसान को हुए नुकसान की भरपाई करने की मांग की। कृषि अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि प्रगतिशील किसान की पराली में आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।