अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना।
किसानों का 1 जून से 10 जून का आंदोलन शुरू हो चुका है। जिसके चलते चार गांवों के किसानों ने इस आंदोलन को समर्थन देते हुए शहर की दूध व सब्जी सप्लाई को पूर्णतया बंद कर दिया है। आंदोलन को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों द्वारा अलग-अलग जगहों पर जनसभाएं कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि शहर की सप्लाई को बाधित किया जा सके। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों को भी सरकार को सुनना चाहिए।
गांव ठरवा से ग्रामीण राजेश कुमार ने बताया कि उनकी टीम ने मिलकर गांव के 80 प्रतिशत घरों में जाकर आंदोलन के बारे में जानकारी दी है। ग्रामीणों को बताया गया कि एक से दस जून तक सब्जी व दूध की सप्लाई को रोककर अपनी एकता का सबूत देना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने इस आंदोलन में उनका समर्थन दिया है। राजेश ठरवा ने बताया कि इस आंदोलन में भाग लेने के लिए चार गांवो ने पहल कर दी है जिसके तहत गांव ठरवा, पिरथला, पारता व गाजूवाला ने पूर्णतया सप्लाई को बंद कर दिया है। पिरथला से सप्लाई शहर के माडल टाऊन इलाके में जाती थी, उसे भी बंद कर दिया है। उन्होंने बताया कि चार गंावों के समर्थन के बाद गांव ठरवी व समैण में निवेदन किया जाएगा तथा आंदोलन की अपील की जाएगी।