फतेहाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी भेजने और एडमिट कार्ड सत्यापित करने के मामले में मास्टरमाइंड निजी स्कूल संचालक गांव हसंगा निवासी सतपाल से पुलिस ने रिमांड के दौरान 21 हजार रुपये की नकदी और मुहर बरामद की है। परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों से जो रुपये लिए थे, पुलिस ने रिमांड के दौरान बरामद किया है। इसके अलावा मुहर भी बरामद की जिसे वह एडमिट कार्ड पर फोटो सत्यापित करता था। आरोपी निजी स्कूल संचालक को पुलिस ने रिमांड अवधि खत्म होने के बाद कोर्ट में पेश किया, यहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में पहले तीन आरोपी काबू हो चुके है, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी होनी है।
ये था मामला :
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12 अप्रैल को दसवीं कक्षा की गणित की परीक्षा थी। बोर्ड चेयरमैन की स्पेशल फ्लाइंग जब जांच करने के लिए भूथनकलां के परीक्षा केंद्र पर पहुंची तो यहां पर टीम को 9 फर्जी परीक्षार्थी मिले। ये परीक्षार्थी दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे थे। टीम ने जब जांच की तो उसमें सामने आया कि गांव हसंगा के एक निजी स्कूल के परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा दे रहे थे। मामले में केंद्र अधीक्षक की शिकायत पर सदर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। मौके पर तीन परीक्षार्थियों को टीम ने पकड़ लिया था जबकि 6 भाग गए थे।
कोट
मामले में आरोपी स्कूल संचालक से 21 हजार रुपये की नकदी और मुहर बरामद की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।
-यादविंद्र सिंह, सदर थाना प्रभारी