मेहाबाद में सीरो सर्वे करते स्वास्थ्यकर्मी ।
- फोटो : Fatehabad
जिले में कोरोना संक्रमण के मरीज लगातार सामने आ रहे हैं। मरीज बढ़ने के साथ स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग भी बढ़ा दी है और अब तक 21 हजार से ज्यादा लोगों के कोरोना सैंपल हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की वीरवार की रिपोर्ट के मुताबिक वीरवार सांय तक जिले में कोरोना के 21 नए मामले सामने आए। जिले में अब तक कुल 621 कोरोना केस सामने आ चुके हैं। वीरवार को मिले संक्रमित मरीजों में रतिया में कोरोना संक्रमण के सात, गोरखपुर में एक, समैन में एक तथा फतेहाबाद शहर में दो मामले सामने आया है। फतेहाबाद शहर में लोक निर्माण विभाग में तैनात कर्मचारी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने कर्मचारी का रैपिड एंटीजन टेस्ट किया था। जांच के दौरान रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। कर्मचारी अपने भाई को अग्रोहा मेडिकल में मिलने के लिए गया था और वहां से लौटा था। अधिकारियों के निर्देश पर सैंपल देने गया तो रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। रतिया के न्यू टाउन में एक ही परिवार के चार तथा पड़ोस के तीन लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। न्यू टाउन व्यक्ति ने कोरोना सैंपल दिया था जो कि पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद टीम ने परिवार और पड़ोस के लोगों के सैंपल लिए, जो कि संक्रमित मिले। गांव गोरखपुर में 20 वर्षीय युवक संक्रमित मिला है। इसके अलावा गांव समैण में एक संक्रमित पाया गया है। इसके अलावा वीरवार देर सांय 11 नए केस आए जिसमें फतेहाबाद का एक और टोहाना शहर के तीन, भूना के दो, गांव ललौदा के दो, कुलां का एक और कन्हड़ी का भी एक नया केस शामिल है।
सरकारी अधिकारी-कर्मचारी सैंपल से कतरा रहे
कोरोना के सामुदायिक संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग 500 से 600 के करीब सैंपल ले रहा है। सरकारी कार्यालयों में काम करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को विभाग सैंपल देने के लिए बुला रहा है लेकिन ये देने से कतरा रहे हैं। 20 फीसदी सरकारी अधिकारी व कर्मचारी सैंपल देने के लिए आगे आ रहे हैं। पिछले दिनों लघु सचिवालय के कर्मचारियों को सैंपल देने के लिए बुलाया था लेकिन 20 फीसदी ही सैंपल देने पहुंचे।
शहर में किया गया सीरो सर्वे
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वीरवार को भाटिया कॉलोनी और हुडा सेक्टर में सीरो सर्वे शुरू किया। यहां पर टीम ने लोगों के खून के सैंपल लिए। स्वास्थ्य विभाग ने जिला के 12 गांवों और तीन शहरों में सर्वे करके पता लगाना है कि कितने लोगों को कोरोना होकर ठीक हो चुका है।