फतेहाबाद। गर्मी के साथ-साथ शहर में कुत्तों का व्यवहार भी आक्रामक होता जा रहा है। हालात यह हैं कि प्रतिदिन 15 से 20 लोग कुत्तों के काटने का शिकार हो रहे हैं। नागरिक अस्पताल में हर दिन इतने ही लोग एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंच रहे हैं।
राहत की बात यह है कि अस्पताल में वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। जून के मुकाबले जुलाई माह में सबसे ज्यादा लोग एआरवी लगवाने के लिए पहुंचे हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल से जुलाई तक नागरिक अस्पताल में 2,192 लोगों ने एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाई है।
इनमें अप्रैल में 490, मई में 504, जून में 548 और जुलाई में सबसे ज्यादा 650 मामले सामने आए हैं।
शहर में एजेंसी पकड़ रही है कुत्ते
नगर परिषद ने आवारा कुत्तों को पकड़ने, बधियाकरण (स्टरलाइजेशन) और वैक्सीनेशन के लिए एक निजी एजेंसी को ठेका दिया है। प्रति कुत्ता पकड़ने पर एजेंसी को 982 रुपये दिए जा रहे हैं। बीते दो माह में एजेंसी करीब 950 कुत्ते पकड़ चुकी है, लेकिन अधिकारियों के अनुसार अभी केवल 35 से 40 प्रतिशत ही कुत्ते पकड़े गए हैं। नियमों के अनुसार, पकड़ने के बाद कुत्तों को बधियाकरण के बाद उसी क्षेत्र में छोड़ना होता है।
कुत्ते के काटने पर ऐसे करें प्राथमिक उपचार
चिकित्सकों की सलाह के अनुसार, यदि कुत्ता काट ले तो घाव को तुरंत 10 से 15 मिनट तक साबुन और पानी से धोएं। उसके बाद तुरंत नजदीकी अस्पताल जाकर एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाएं। यदि घाव गहरा हो तो चिकित्सक से तुरंत परामर्श लें।
-
नगर परिषद ने कुत्तों को पकड़ने व उनके बधियाकरण को लेकर निजी एजेंसी को ठेका दिया हुआ है। एजेंसी के कर्मी कुत्तों का बधियाकरण कर वैक्सीन भी लगा रहे हैं। लोगों से भी अपील है कि वे अपने पालतू कुत्तों का पंजीकरण जरूर करवाएं।
- राजेंद्र सोनी, ईओ, नगर परिषद, फतेहाबाद।