फतेहाबाद। डेंगू का जिले में प्रकोप जारी है। फतेहाबाद शहर ही डेंगू को लेकर हॉटस्पॉट बना हुआ है। बुधवार को जिले में सात वर्षीय बच्चे समेत डेंगू के 20 नए केस मिले हैं। आंकड़ा 736 तक पहुंच गया है। सबसे ज्यादा डेंगू मरीज फतेहाबाद शहर में मिल रहे हैं। अब तक 5070 घरों में लारवा मिल चुका है।
बुधवार को विभाग की टीमों ने 1736 घरों में जांच की, इसमें 26 घरों में लारवा मिला है। सबसे ज्यादा लारवा घरों में पानी की टंकियों, फ्रिज की ट्रे में मिल रहा है। इसके अलावा गमलों में भी लारवा मिला है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक फतेहाबाद के डीसी कॉलोनी 42 वर्षीय युवती, भोडिया खेड़ा निवासी 27 वर्षीय युवक, खैरातीखेड़ा निवासी 20 वर्षीय युवक, गुरुनानकपुरा मोहल्ला निवासी 36 वर्षीय युवक, ठाकर बस्ती निवासी आठ वर्षीय बच्चा, गांव मढ़ निवासी 35 वर्षीय युवती, गांव माजरा निवासी युवक, मॉडल टाउन निवासी सात वर्षीय बच्चा डेंगू पॉजिटिव मिला है।
15 फीसदी डेंगू के मरीज अस्पताल में दाखिल
जिले में डेंगू के 15 फीसदी मरीज अस्पताल में दाखिल हुए हैं। अब तक डेंगू के 736 मरीज मिल चुके हैं। इसमें से 116 मरीज अस्पताल में दाखिल हुए हैं। अभी फिलहाल सात मरीज अस्पताल में दाखिल हैं। 109 डेंगू मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
नप टीम ने शहर में की फॉगिंग
नप और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को हुडा सेक्टर, पुरानी तहसील चौक, बत्रा कॉलोनी, बगीची मोहल्ला, शक्ति नगर, शिव चौक और बस स्टैंड में फॉगिंग की गई।
कोट
जिले में डेंगू के बुधवार को 20 नए केस मिले हैं। डेंगू को लेकर लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। अब तक पांच हजार से ज्यादा घरों में लारवा मिल चुका है। लोगों से अपील है कि अपने घरों व आसपास क्षेत्र में लारवा न पनपने दें।
- डॉ. वीरेश भूषण, सिविल सर्जन।