कोरोना संक्रमण को लेकर सोमवार को राहत भरी खबर है। जिले में सक्रिय केस 500 से कम हो गए है। जिले में सोमवार को 24 घंटे में 29 नए मामले मिले और दो संक्रमितों की मौत हुई है। वहीं 77 संक्रमित स्वस्थ भी हुए हैं। रिकवरी रेट 94.82 फीसदी तक पहुंच गया है। 71 मरीज अस्पतालों में दाखिल है।
सोमवार को जिले में संक्रमण दर 3.21 फीसदी रही। जिले में अभी भी 2.54 फीसदी की दर से मौतें हो रही है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक गांव मेहूवाला निवासी 72 वर्षीय महिला की अग्रोहा मेडिकल, गांव हुक्मावाली निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग की सिरसा के निजी अस्पताल में मौत हुई है। जिले में अब तक 441 मौतें हो चुकी है।
रतिया शहर और भूना में नया केस नहीं
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी हुए हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक फतेहाबाद शहर में 5, टोहाना शहर में एक, रतिया ग्रामीण में 10, भट्टू और बड़ोपल में 4-4 और जाखल में 5 नए केस मिले है। जिले में सोमवार को 1064 सैंपल लिए गए हैं। अभी 900 सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार है। अभी तक जिले में 206593 सैंपल लिए जा चुके है। इसमें से 17382 संक्रमित मिले है।
18 प्लस के लिए एक हजार डोज पहुंची : 18 प्लस के टीकाकरण के लिए सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के पास एक हजार डोज पहुंची है। हालांकि विभाग के पास 45 प्लस के लिए करीब 25 हजार डोज का स्टॉक है। लेकिन विभाग 18 प्लस के लिए इस स्टॉक का प्रयोग नहीं कर पा रहा है। 18 प्लस के लिए राज्य और 45 प्लस के लिए केंद्र सरकार वैक्सीन जारी कर रही है।
ब्लैक फंगस का नया केस नहीं मिला : जिले में कोरोना संक्रमित दो मरीजों की मौत हुई है और 29 नए केस मिले है। ब्लैक फंगस का नया केस नहीं मिला है। लोगों से अपील है कि वह सावधानी बरतें। अगर कोई लक्षण इस तरह के दिखते हैं तो जांच जरूर करवाएं। -डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी अधिकारी।