अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। शहर में बदमाश बेखौफ हो गए हैं। मंगलवार देर रात शहर थाने से महज आधे किलोमीटर की दूरी पर स्थित जवाहर चौक में स्थित पीएनबी के एटीएम को उखाड़ने का प्रयास कर लिया गया और पुलिस को कानोंकान खबर तक नहीं हुई। प्रयास में सफल न होने पर चोर फरार हो गए। जिससे एटीएम में पड़ी करीब साढ़े तीन लाख की नकदी चोरी होने से बच गई। बताया गया है कि वारदात के समय एटीएम में लगभग साढ़े तीन लाख से अधिक की नकदी थी। बहरहाल वारदात की सूचना मिलते ही शहर थानाध्यक्ष सुरेंद्र कंबोज मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस को इस मामले का कोई सुराग नहीं मिला है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से ही सुराग तलाशे जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार जवाहर चौक में एटीएम के आसपास वाले दुकानदार जब सुबह अपनी दुकानों पर पहुंचे तो देखा कि एटीएम का ताला टूटा हुआ है और अंदर भी एटीएम से छेड़छाड़ हुई है। इसके बाद किसी अनिष्ट की आशंका के चलते दुकानदारों ने शहर थाने में घटना की सूचना दी। एटीएम उखाड़ने के प्रयास की सूचना मिलते ही शहर थानाध्यक्ष सुरेंद्र कंबोज मौके पर पहुंचे और उन्होंने जांच शुरू कर दी। शुरूआती जांच में सामने आ रहा है कि इस वारदात को अंजाम देने में दो बदमाश शामिल थे और दोनों ने ही मुंह ढंके हुए थे। बदमाशों ने किसी लोहे के सरिये की मदद से शटर का ताला तोड़ दिया और बाद में एटीएम के निचले हिस्से, जिसमें कैश भरा रहता है, को तोड़ने का भरसक प्रयास किया। जब बार-बार प्रयास के बावजूद वे कामयाब नहीं हो सके तो एटीएम को उसी हालत में छोड़कर फरार हो गए। बदमाशों के मुंह ढके होने के चलते पुलिस को बदमाशों की पहचान करने में परेशानी आ रही है।
रात 10-11 बजे तक लगती हैं रेहड़ियां, मंगलवार रात तनाव के चलते अलर्ट पर भी थी पुलिस
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के मुताबिक बदमाशों ने तकरीबन 2 से 3 बजे के बीच में एटीएम को तोडने का प्रयास किया। जवाहर चौक शहर के सबसे व्यस्ततम चौक है और इस चौक पर एटीएम के बाहर ही रात को सामान्यत: दस-ग्यारह बजे तक तो विभिन्न खाद्य पदार्थें की रेहडिय़ां ही लगी रहती हैं। दूसरा मंगलवार रात वाल्मीकि चौक में कुछ युवकों द्वारा गाडिय़ों के शीशे तोड़े जाने की घटना के बाद तनाव की आशंका के चलते पुलिस वैसे ही अलर्ट पर थी। लेकिन इसके बावजूद शहर थाने से महज आधे किलोमीटर दूर चौक के बीच स्थित एटीएम पर ऐसी वारदात से पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल उठने तय हैं।
वर्जन
बदमाशों ने देर रात तकरीबन 2-3 बजे एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया है। प्रथम दृष्टया में आरोपी संख्या में दो दिख रहे हैं। उनके मुंह ढंके हुए थे जिसके कारण उनकी पहचान में समय लग रहा है। लेकिन जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। पुलिस की गश्त को और अधिक बढ़ाया जाएगा।
- सुरेंद्र कंबोज, शहर थानाध्यक्ष, फतेहाबाद।