स्वाइन फ्लू से पति की मौत के बाद पत्नी मिली पॉजिटिव
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। जिले में स्वाइन फ्लू से अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगलवार को भी जिले में चार और मरीजों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद जिले में अब तक पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। आमजन के अलावा विभाग द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान की कमान संभाल रहे जिला महामारी अधिकारी को भी चिकनपॉक्स ने अपनी चपेट में ले लिया है, जिस कारण वह मेडिकल लीव पर चले गए हैं। उधर पिछले दिनों टोहाना गांव बढ़ाईखेड़ा में करीब एक सप्ताह पूर्व जिस बुजुर्गं की स्वाइन फ्लू से मौत हुई थी, उसकी पत्नी को भी स्वास्थ्य विभाग की तरफ से स्वाइन फ्लू की पुष्टि की गई है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है, वहीं भूना के गांव बैजलपुर में भी बीते दिनों एक कबड्डी खिलाड़ी की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई थी।
इन जगहों पर चार नए मरीजों की हुई पुष्टि
जिन चार मरीजों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है उनमें गांव गोरखपुर से एक बुजुर्ग, नहला से बुजुर्ग, बैजलपुर में भी एक बुजुर्ग और गांव बिढ़ाईखेड़ा में एक बुजुर्ग महिला शामिल है। डॉ. हनुमान ने बताया कि उक्त मरीजों के गांवों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और लोगों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही पीड़ितों के परिजनों को दवाई भी दी जा रही है।
जिला महामारी अधिकारी को चिकन पॉक्स
जिले में स्वाइन फ्लू को लेकर चलाए जा रहे विशेष जागरूकता अभियान की अगुवाई कर रहे जिला महामारी अधिकारी डॉ. विष्णु मित्तल को भी चिकन पॉक्स ने अपनी चपेट में ले लिया है। जानकारी देते हुए डिप्टी सीएमओ डॉ. हनुमान ने बताया कि जिला महामारी अधिकारी मेडिकल लीव पर हैं तथा इस दौरान स्वाइन फ्लू के लिए चलाए जा रहे अभियान की अगुवाई वे खुद कर रहे हैं। चिकन पॉक्स के बारे में जानकारी देते हुए डिप्टी सीएमओ ने बताया कि यह एक वायरल रोग है,जिसमें मरीज के शरीर पर दाने निकल आते हैं। उन्होंने बताया कि यह रोग एक स्वस्थ व्यक्ति के होने पर तो जल्दी ठीक हो जाता है लेकिन जिन लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है उन्हें ठीक होने में कई दिन लग जाते हैं।
लगातार बढ़ रहे मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी पूरी तरह अलर्ट हैं और जिले में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत लोगों को स्वाइन फ्लू के कारण और बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। साथ ही आशंकित मरीजों को टैमी फ्लू की दवाई दी जा रही है।
डॉ. हनुमान,डिप्टी सीएमओ