अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना। हड़ताल के चलते धरने पर बैठे रोडवेज कर्मचारियों के धरना स्थल पर लगे टेंट को अज्ञात युवकों ने फाड़ दिया व गद्दे चोरी कर लिए। कर्मचारियों ने शहर थाने में शिकायत देकर कार्यवाई की मांग की है। वहीं जब कर्मचारियों ने धरना डांगरा रोड पर लगाया तो मौके पर पहुंचे बीडीपीओ नरेंद्र सिंह व शहर थाना प्रभारी अरूणा ने जब कर्मचारियों को वापस पुरानी जगह पर धरना लगाने को कहा तो कर्मचारियों ने उनकी एक नहीं सुनी और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
जानकारी अनुसार रोडवेज कर्मचारियों का डांगरा रोड पर संतोख कालोनी में पिछले कई दिनों से धरना चल रहा था। देर रात कुछ अज्ञात युवकों ने उनके टैंट को फाड़ दिया व गद्दे चोरी कर लिए। जब बीडीपीओ नरेंद्र सिंह व थाना प्रभारी ने कर्मचारियों को वापस उसी जगह पर धरना देने की बात कही तो कर्मचारियों ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपना धरना दे रहे है और इसी जगह पर जारी रखेंगे।