अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
फतेहाबाद में डीआरडीए के रिटायर्ड एपीओ सरदार रणजीत सिंह धालीवाल के बेटे की दिल्ली के द्वारका में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। वह गुरुग्राम में एक कंपनी में काम करता था। उसके निधन से शहर में शोक की लहर दौड़ गई। अनेक लोग रणजीत सिंह के हुडा सेक्टर स्थित घर में शोक व्यक्त करने के लिए पहुंच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रणजीत धालीवाल का इकलौता बेटा भवजोत सिंह गुरुग्राम में एक कंपनी में काम करता था। बताया गया है कि सोमवार रात को वह गुरुग्राम से दिल्ली के द्वारका में किसी काम से आया था। जब वह गाड़ी से वापिस गुरुग्राम जा रहा था तो द्वारका के एक सुनसान मार्ग पर अचानक उसकी गाड़ी पलट गई। भवजोत गाड़ी में फंसकर रह गया। सुबह 3 बजे दिल्ली पुलिस ने गाड़ी को पलटा देखकर भवजोत को बाहर निकाला और उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर भवजोत के परिजन दिल्ली पहुंच गए। भवजोत का अंतिम संस्कार बुधवार को सुबह किया जाएगा।