जाखल। तूफान आने की संभावना के बीच मंगलवार शाम को जाखल में आई तेज बारिश ने लोगों राहत दी। करीब एक घंटा तक हुई बारिश के साथ कुछ देर ओलावृष्टि भी हुई। शाम करीब साढ़े 5 बजे एकाएक तेज हवा के साथ शुरू हुई बरसात से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जिसमें पारा लुढ़क कर 32 डिग्री पर आ गया। बरसात के साथ ही आसमान में घना काला अंधेरा भी छा गया। लेकिन धीरे धीरे तेज बरसात के साथ साफ हुए आसमान से लोगों ने राहत की सांस ली। करीब एक घंटा के बाद निकली धूप के बाद ही बरसात थमी। मौसम में अचानक आए बदलाव को देखकर लोगों के चेहरे खिल गए।