अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
फतेहाबाद के उपमंडलाधीश सतबीर सिंह जागूं ने राजस्व विभाग के अधिकारियों, कानूनगो और पटवारियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रदेश सरकार द्वारा ओलावृष्टि के लिए मुआवजे के तौर पर मिली राशि को किसानों को वितरित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ऐसे किसान जिनकी गेहूं की फसल ओलावृष्टि से बर्बाद हुई थी और किसी कारणवश मुआवजा प्राप्त नहीं कर सके थे, ऐसे शेष बचे किसानों को सरकार ने मुआवजा राशि बांटने के आदेश दिए हैं। उन्होंने सभी कानूनगों और पटवारियों से कहा कि वे प्रभावित किसानों में मुआवजा वितरित करना सुनिश्चित करें। जांगु बुधवार को पटवार भवन में राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों की मासिक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने किसानों से भी अपील की है कि जिन किसानों की गेहूं की फसल ओलावृष्टि से खराब हो गई थी और मुआवजा प्राप्त नहीं कर सके थे, ऐसे किसान संबंधित तहसीलदार और पटवारी से संपर्क कर जरूरी दस्तावेज जमा करवाकर मुआवजा ले सकते हैं।
उपमंडलाधीश ने कहा कि जमाबंदी व इंतकाल के लंबित कार्य भी जल्द पूर्ण किए जाएं। जांगु ने राजस्व विभाग के अधिकारियों से यह भी कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में यह सुनिश्चित करें कि पंचायती भूमि पर किसी व्यक्ति ने कोई अवैध कब्जा न किया हो। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जा होने की सूरत में उसकी निशानदेही करवाकर कब्जा हटवाने की कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने पटवारियों से कहा कि वे प्रतिदिन अपने क्षेत्र की विस्तृत रिपोर्ट भी मुख्यालय को भेजना सुनिश्चित करें।
किसानों में वितरित किया जाए ओलावृष्टि का मुआवजा : एसडीएम
राजस्व विभाग के अधिकारियों, कानूनगो और पटवारियों को एसडीएम ने दिए निर्देश