सुपर-100 कार्यक्रम के तहत परीक्षा देते हुए विद्यार्थी। संवाद
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। शिक्षा विभाग की ओर से सोमवार को सुपर-100 कार्यक्रम के नए बैच को लेकर जिला मुख्यालय पर मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें जिले के 232 छात्रों में से 186 ने परीक्षा दी। 46 विद्यार्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे। 15 दिन में परीक्षा परिणाम जारी होने की उम्मीद है। विभाग नेशनल डिफेंस अकादमी कोचिंग के लिए पहली बार परीक्षा लेने जा रहा है। यह मंगलवार को आयोजित होगी
परीक्षा में मेरिट के आधार पर टॉपर विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग नीट और आईआईटी की निशुल्क कोचिंग देगा। सुपर-100 कार्यक्रम के नए बैच को लेकर दसवीं कक्षा में 80 फीसदी से अधिक अंक लेने वाले विद्यार्थियों से शिक्षा विभाग ने आवेदन मांगे थे। इसके लिए सरकारी स्कूल के विद्यार्थी ही आवेदन कर सकते है। 232 विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था। इसमें 186 विद्यार्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचे। चयनित विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग रेवाड़ी, पंचकूला, चंडीगढ़, हिसार, करनाल के सेंटरों पर नीट और आईआईटी की निशुल्क कोचिंग देगा।
पिछले साल की तुलना में कम ने किए आवेदन
सुपर-100 परीक्षा को लेकर पिछले साल 320 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। लेकिन इस बार 232 छात्रों ने ही आवेदन किया है। अधिकारियों का कहना है कि कक्षाएं देरी से शुरू होने के कारण विद्यार्थियों से संपर्क नहीं हो पाया। इसी कारण इस बार आवेदन कम हुए है।
एनडीए की 43 विद्यार्थी देंगे परीक्षा
शिक्षा विभाग नेशनल डिफेंस अकादमी कोचिंग के लिए पहली बार परीक्षा लेने जा रहा है। चयनित विद्यार्थियों को विभाग फ्री कोचिंग देगा। इस परीक्षा को लेकर 11 वीं कक्षा के 21 और बारहवीं कक्षा के 22 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। शिक्षा विभाग मंगलवार सुबह 11 बजे से लेकर एक बजे तक परीक्षा लेगा। विद्यार्थियों को सुबह साढ़े 10 बजे से पहले परीक्षा केंद्र में पहुंचना होगा।
सुपर 100 कार्यक्रम के नए बैच को लेकर परीक्षा ली गई है। परीक्षा शांतिपूर्वक ढंग से आयोजित हुई है। 186 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है। एनडीए कोचिंग के लिए मंगलवार को परीक्षा होगी।
- रमेश कुमार, जिला गणित विशेषज्ञ