भिवानी बोर्ड परीक्षा : पहले ही दिन फ्लाइंग ने पकड़े 7 नकलची, दो स्कूलों को नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। भिवानी बोर्ड की बारहवीं कक्षा की परीक्षाएं शुक्रवार को कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शुरू हुई। शुक्रवार को हुई परीक्षा में तकरीबन साढ़े 7 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। पहले दिन बोर्ड की विभिन्न फ्लाइंग टीमों ने फतेहाबाद जिले में नकल के कुल 7 मामले पकड़े। इनमें सबसे अधिक भिवानी बोर्ड के सचिव की फ्लाइंग टीम ने 3, चेयरमैन की विशेष टीम ने दो मामले, बोर्ड की टीम ने दो और डीसी फ्लाइंग ने दो मामले पकड़ा। बोर्ड की परीक्षा के मद्देनजर शुक्रवार सुबह से ही प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हुए थे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षाकर्मी तो तैनात ही थे साथ ही विभिन्न अधिकारी भी समय-समय पर परीक्षा केंद्रों का दौरा करते दिखे।
वीरवार को परीक्षा का पहला दिन होने के चलते अधिकांश परीक्षा केंद्रों पर समय से लगभग एक घंटा पहले ही परीक्षार्थी पहुंचने शुरू हो गए थे। परीक्षार्थियों के साथ उनके अभिभावक, स्कूल संचालक और अध्यापक भी थे जिसके कारण सुरक्षा में लगे कर्मचारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं, कई बार सुरक्षाकर्मी परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े अभिभावकों एवं स्कूल संचालकों को हटाते भी देखे गए।
इन सेंटर्स पर नकल करते पकड़े गए परीक्षार्थी
वीरवार को बारहवीं की अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी और इस दौरान डीसी फ्लाइंग ने फतेहाबाद के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय केंद्र में दो बच्चों को नकल करते हुए पकड़ा। इसके अलावा भिवानी बोर्ड चेयरमैन की स्पेशल फ्लाइंग टीम ने भोडियाखेड़ा हाई स्कूल में एक और दूसरा फतेहाबाद के ओम निवास हाई स्कूल में पर्ची के साथ नकल करते हुए काबू किया। तीसरी टीम बोर्ड सचिव की थी जिसे नकलची पकड़ने में कामयाबी मिली। इस टीम ने सर्वाधिक तीन केस पकड़े जिसमें तीनों केस फतेहाबाद के सीनियर मॉडल स्कूल के थे।
दो स्कूलों के बच्चों को बिना वर्दी आने पर दी गई चेतावनी
जिला शिक्षा अधिकारी दयानंद सिहाग की अगुवाई में स्पेशल टीम जब भूना के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बने परीक्षा केंद्र पर पहुंची तो वहां पर एक-दो स्कूलों के विद्यार्थी स्कूल यूनिफार्म में नहीं थे। इस बार बोर्ड के स्पष्ट निर्देश थे कि सभी स्कूलों के विद्यार्थी अपने-अपने स्कूल की वर्दी में ही परीक्षा देने पहुंचेंगे। इस पर डीईओ सिहाग ने भारत सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधन को इस संदर्भ में चेतावनी दी और इस बारे भिवानी बोर्ड के अधिकारियों को भी एक पत्र लिखकर सारे मामले की जानकारी दी।
डीसी खुद करेंगे औचक निरीक्षण
डीसी धीरेंद्र खडग़टा खुद भी परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सकते हैं। हालांकि जिला प्रशासन के द्वारा डीसी फ्लाइंग के नाम से एक दस्ता गठित कर दिया है। वीरवार को पहली परीक्षा में भी इस टीम ने दो नकल के केस पकड़े। लेकिन इस दस्ते में खुद डीसी धीरेंद्र खडग़टा शामिल नहीं थे।