अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। गांव बैजलपुर के पास ट्रक की चपेट में आने से एक मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है। मृतक की पहचान जिला जींद के गांव जजवान निवासी श्याम लाल पुत्र वीरू राम के रूप में की गई है। पुलिस ने मृतक के सहयोगी अशोक कुमार की शिकायत पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ट्रक ड्राइवर फरार है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक श्याम लाल के सहयोगी अशोक कुमार ने बताया कि श्याम लाल किसी काम से बैजलपुर गया था और अपना काम निपटाकर घर की ओर लौट रहा था। अशोक कुमार ने बताया कि भूना से बैजलपुर वाली रोड़ पर सामने से आते एक ट्रक ने तेज गति से आकर श्याम लाल की बाइक को रौंद दिया। आसपास के लोगों से उसे उपचार के लिए सामुदायिक केंद्र पहुंचाया लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही श्याम लाल की मौत हो चुकी थी।