अमर उजाला ब्यूरो
रतिया।
गांव ब्राहमणवाला के एक विवाहित युवक ने ससुराल परिवार से खफा होकर भाखड़ा नहर में छलांग लगा दी। बड़े भाई को भाखड़ा नहर में छलांग लगाता देख छोटे भाई ने भी बचाने के लिए पीछे से छलांग लगा दी, लेकिन दोनों ही भाखड़ा नहर में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी रविंद्र तोमर, सदर थाना प्रभारी यादविंद्र सिंह, चौकी इंचार्ज जयवीर सिंह व नायब तहसीलदार सुरेंद्र मेहता मौके पर पहुंच गए।
नहर में छलांग लगाने से पहले युवक ने एक ऑडियो क्लिप अपने रिश्तेदार को भेजी है, जिसमें उसने अपने नहर में छलांग लगाने का कारण बताया है। पुलिस इस ऑडियो क्लिप की भी जांच कर रही है। परिजनों ने बताया कि 25 वर्षीय शगुनप्रीत का पिछले कई दिनों से अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था और उसकी पत्नी अपने मायके में रह रही थी। उन्होंने बताया कि शगुनप्रीत की शादी करीब 6 माह पहले पंजाब के भिखी के गांव समाहा में ही हुई थी। शादी के पश्चात ही काफी विवाद हो गया और यह विवाद महिला थाने में भी पहुंच गया था। परिजनों का कहना है कि शगुनप्रीत एक दिन पहले ही अपनी पत्नी को लेने अपने ससुराल गांव समाहा जिला मानसा में गया था, लेकिन वहां उसके ससुराल वालों ने उसकी पत्नी को उसके साथ भेजने से इंकार कर दिया और उसके साथ दुर्व्यवहार किया था। पत्नी के न आने पर उठा लिया कदम
बताया जाता है कि वीरवार दोपहर को ही उसने अपने परिवार के समक्ष भाखड़ा नदी में छलांग लगाकर जान देने की बात कह कर भाखड़ा नदी की तरफ आया था तो उसका छोटा भाई हरप्रीत सिंह भी उसके पीछे भाग लिया। हालांकि इस दौरान उसके भाई ने अपने बड़े भाई को ऐसा कदम न उठाने के लिए पीछे से आवाज भी लगाई थी, मगर उसने गांव के समीप से गुजर रही भाखड़ा नहर में छलांग लगा दी।
भाई को बचाने छोटा भाई भी कूद गया नहर में
बड़े भाई को छलांग लगाता देखकर छोटे भाई हरप्रीत ने भी उसे बचाने के लिए पीछे से छलांग लगा दी, मगर पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों भाई बह गए। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने गोताखोरों के सहयोग से दोनों भाइयों की तलाश आरंभ कर दी।
ऑडियो बनाकर भेजा रिश्तेदार को
विवाहित शगुनप्रीत ने अपनी जान देने से पहले मोबाइल के माध्यम से ही एक रिश्तेदार को ऑडियो क्लिप भेजा है, जिसमें अपने सास व ससुर को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि इस वायरल हुए ऑडियो क्लिप को पुलिस ने जांच का विषय बताया है, लेकिन जिस फोन के माध्यम से ऑडियो प्रस्तुत किया गया है वह उपरोक्त परिजनों का बताया जा रहा है।
दोनों की हो रही है खोज : थाना प्रभारी
इस संदर्भ में थाना प्रभारी यादविंद्र सिंह ने बताया कि पानी में बहे दोनों भाइयों के पिता द्वारा जो शिकायत दी गई है, उसमें यही बताया गया है कि भाखड़ा नहर पर उसके दोनों बेटे खड़े थे, जो कि नदी में बह गए हैं। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और गोताखोरों की टीम को बुलाकर दोनों भाइयों को खोजा जा रहा है।