लॉकडाउन के शुरू से ही कोटा में फंसे फतेहाबाद जिले के 20 लोग आखिरकार जिला प्रशासन की ओर से भेजी गई विशेष बसों के जरिये फतेहाबाद पहुंच गए। हालांकि स्वास्थ्य कारणों के चलते ये सभी लोग 14 दिन से पहले अपने-अपने घर नहीं जा सकेंगे। इनमें 18 विद्यार्थी व दो महिलाएं शामिल हैं। फिलहाल विद्यार्थियों में शामिल छह लड़कों को बस स्टैंड के पास अग्रवाल धर्मशाला व लड़कियों व महिलाओं को अनाजमंडी के पीछे स्थित श्रीराम सेवा समिति धर्मशाला में रखा गया है। उनके सामान को भी सैनिटाइज करवाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की मेडिकल स्क्रीनिंग
कोटा से श्रीराम सेवा समिति धर्मशाला में जब विद्यार्थियों की बस पहुंची तो स्वास्थ्य विभाग की एक टीम पहले से ही मौजूद थी। इनमें अस्पताल की स्टाफ नर्स ममता रूखाया व अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे। उन्होंने बस से उतरने के बाद सभी लोगों की थर्मल स्कैनर से पहले स्क्रीनिंग की और फिर सभी को अलग-अलग कमरों में रखा गया। इसके बाद सुबह तकरीबन दस बजे स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम धर्मशाला में पहुंची और एक-एक करके सभी के कोरोना सैंपल लिए गए हैं। इन सैंपलों की जांच रिपोर्ट रविवार सांय तक आने की उम्मीद है।
नगर परिषद कर्मचारियों ने दोनों धर्मशालाओं की पूरी बिल्डिंग को किया सैनिटाइज
बच्चों के धर्मशाला में पहुंचने की सूचना मिलते ही नगर परिषद प्रशासन भी एक्टिव हुआ। सफाई निरीक्षक ओमकार के नेतृत्व में नप कर्मचारियों की टीम दोनों धर्मशालाओं में पहुंची और पूरी बिल्डिंग को सैनिटाइज किया गया। इस दौरान कोटा से वापिस आए विद्यार्थियों का सारा सामान कमरों से बाहर लॉबी में रखवाया गया और फिर उसे भी सैनिटाइज किया गया। इन बच्चों की खाने की जिम्मेदारी श्रीश्याम वेलफेयर सोसाइटी को सौंपी गई है। सोसायटी के अध्यक्ष विजय सहारण ने बताया कि उनकी सोसायटी की ओर से अक्षय मक्कड़ सहित अन्यों की ड्यूटी लगाई गई है जो रोजाना इन बच्चों तक खाना पहुंचाएंगे।
तहसीलदार विजय मेहता देखेंगे सुपरविजन, पुलिस टीमें भी सुरक्षा के लिए तैनात
दोनों धर्मशालाओं में रह रहे सभी बच्चों व उनकी माताओं को दी जाने वाली सभी सुविधाओं की सुपरविजन तहसीलदार विजय मेहता करेंगे। शनिवार सुबह भी उन्होंने श्रीराम सेवा समिति धर्मशाला में पहुुंचकर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा दोनों जगहों पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस टीमें भी तैनात की गई हैं। श्रीराम सेवा समिति धर्मशाला में चूंकि लड़कियों को रखा गया है तो धर्मशाला के अंदर महिला पुलिस की एक टीम भी विशेष तौर पर तैनात की गई है जो 24 घंटे तैनात रहेगी।
‘कोटा से बच्चों को अग्रवाल धर्मशाला व श्रीराम सेवा समिति धर्मशाला में रुकवाया गया है। यहां पर उनके सैंपल लिए गए हैं। क्वारंटीन अवधि को लेकर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। फिलहाल उनकी सैंपल रिपोर्ट आने के बाद इस पर उच्च अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। ’ -विजय मेहता, तहसीलदार, फतेहाबाद।