अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जिला फतेहाबाद कार्यकारिणी की बैठक खण्ड भूना की राजकीय प्राथमिक पाठशाला में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान विकास टुटेजा द्वारा की गई। समस्त कार्यकारिणी द्वारा सर्वप्रथम जिला ऑडिटर भजन कम्बोज के छोटे भाई के आकस्मिक स्वर्गवास पर दो मिनट का मौन रख शोक प्रकट किया गया। इसके बाद जिला महासचिव विनोद मूंड ने बताया कि बैठक का मुख्य एजेंडा जिले के सभी प्राथमिक शिक्षकों को संघ की सदस्यता ग्रहण करवाना, जिलेे के सभी प्राथमिक शिक्षकों का नि:शुल्क फोटो पहचान पत्र बनवाना, राज्य कार्यकारिणी के चुनाव पर चर्चा करना, नवचयनित प्राथमिक शिक्षकों के वेतन व अन्य समस्याओं सम्बन्धी एवं खण्ड, जिला व राज्य स्तर पर प्राथमिक शिक्षकों की समस्याओं पर चर्चा करना था।
खण्ड भूना के प्रधान आलोक बंसल ने कहा कि आधे से ज्यादा सत्र बीत जाने पर भी स्कूलों में पाठ्य पुस्तकों का न आना गम्भीर विषय है। जब सरकार को पता है कि अप्रैल से आगामी सत्र की शुरुआत होनी है तो बच्चों का नई कक्षा में प्रवेश ही पुस्तकों, बैग, वर्दी के साथ होना चाहिए। शहरी क्षेत्र के ऐसे स्कूल जहां जगह की कमी से भवन की समस्या है वहां दो मंजिला भवन मंजूर किया जाना चाहिए व स्वच्छता की दिशा में जमीनी कदम उठाते हुए विद्यालयों में सफाई कर्मचारी नियुक्त किए जाने चाहिए।
खंड भूना महासचिव राकेश मदान ने कहा कि आए दिन हरियाणा सरकार व शिक्षा विभाग नए-नए दिवस मनाकर या ट्रैनिंग कैम्प लगाकर स्कूलों में शिक्षण कार्य को बाधित करने का काम कर रही है। खण्ड टोहाना प्रधान प्रदीप गिल ने सरकार की भत्र्सना करते हुए कहा कि एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने पर भी शिक्षा विभाग ने तबादलों से पीड़ित प्राथमिक शिक्षकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया है जबकि ऑनलाइन तबादला नीति में एक माह में ही तबादला सम्बन्धी शिकायतों को दूर करने की बात कही है।
खण्ड फतेहाबाद प्रधान अश्वनी कुमार ने जेबीटी से मुख्य शिक्षक के पद पर पदोन्नति की बात उठाते हुए बताया कि वर्तमान में जिले में मुख्यशिक्षक के लगभग 25 पद रिक्त हैं इसलिए जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी से मिल कर शीघ्र अति शीघ्र पत्र पदोन्नति संबंधी पत्र जारी करवाया जाए व नई सीनियोरिटी लिस्ट भी बनाई जाए। खण्ड जाखल प्रधान अनूप गोरा ने बताया कि कई डीडीओ के कारण एचआरएमआस की आड़ में प्राथमिक शिक्षकों का आर्थिक शोषण हो रहा है। जेबीटी अध्यापकों को 400 से 500 रुपये तक देकर डाटा फीड करवाना पड़ रहा है।
जिला प्रधान विकास टुटेजा ने कहा कि इस तिमाही में जिले के कम से कम 90 प्रतिशत प्राथमिक शिक्षकों को संघ का सदस्य बनाना लक्ष्य रहेगा, जिले के प्रत्येक प्राथमिक शिक्षक को निशुल्क फोटो पहचान पत्र जारी किया जाएगा, जिले के प्रत्येक स्कूल के सर्वश्रेष्ठ प्राथमिक शिक्षक को खण्ड व जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश कार्यकरिणी सदस्य देवेंद्र दहिया ने सभी खण्ड प्रधानों को सदस्यता रसीद, सदस्यता प्रमाण पत्र, संघर्ष फण्ड रसीद, कार्यवाही रजिस्टर, आय-व्यय रजिस्टर व अन्य जरूरी सामान सौंपा। दहिया ने कहा कि कोई भी प्राथमिक शिक्षक किसी भी तरह का गैरशिक्षणिक कार्य न करे चाहे वह जनसेवा सर्वे हो या बीएलओ ड्यूटी। साथ ही यह भी कहा कि जिस भी सरकार ने शिक्षकों की अनदेखी की है, उस सरकार को मुंह की खानी पड़ी है।