जिले में कोरोना संक्रमण का कहर जारी है और संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। वीरवार को जिले में कोरोना संक्रमित एक मरीज की मौत हुई है और 149 नए केस आए हैं। जिले में इस माह संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा 17 तक पहुंच गया है। गांव अकांवाली निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग की हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल था, यहां पर कोरोना संक्रमित मिला था। उपचार के दौरान मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक बुजुर्ग टीबी और सांस की बीमारी से भी ग्रस्त था। जिले में कुल मरीजों का आंकड़ा 6095 तक पहुंच गया है। इसमें से 5136 मरीज ठीक हो चुके हैं। 13 मरीज वीरवार को ठीक हुए हैं। सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 819 तक पहुंच गया है। जिले में अब तक 140 कुल मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक फतेहाबाद के डीएवी स्कूल की एक छात्रा, गांव बीघड़ और भूना निवासी युवक, गांव मानावाली निवासी बुजुर्ग महिला, फतेहाबाद अनाजमंडी निवासी युवक, गांव काजलहेड़ी निवासी बुजुर्ग, फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल कर्मचारी, गांव भिरड़ाना निवासी युवती, फतेहाबाद के सतीश कॉलोनी निवासी युवक कोरोना संक्रमित मिला है। इसके फतेहाबाद की ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी बुजुर्ग, गांव एमपीरोही निवासी युवक, हंस कॉलोनी में मां-बेटा, गांव जांडवाला सोत्तर में एक ही परिवार के चार सदस्य, सेक्टर तीन निवासी दंपती व बेटी, रतिया के वार्ड नंबर एक निवासी मां-बेटी, टोहाना की दुर्गा कॉलोनी में मां-बेटी, भट्टूकलां में 9 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं।
वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव खाराखेड़ी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्रों और स्टाफ सदस्यों के सैंपल लिए थे। वीरवार शाम को लिए गए सैंपलों की रिपोर्ट आई है। इस रिपोर्ट में 20 छात्र और 9 स्टाफ सदस्य संक्रमित मिले है। अधिकारियों के मुताबिक 6 से 7 विद्यार्थियों में लक्षण हैं। कुछ दिन पहले स्टाफ के दो सदस्य संक्रमित मिले थे, इसलिए संपर्क में आए लोगों के रैंडम सैंपल लिए गए।
15 दिन में ही 1003 संक्रमित मरीज मिले
पिछले साल सितंबर माह में पीक आया था लेकिन इस बार अप्रैल माह में ही सभी रिकॉर्ड टूट गए है। 15 दिनों में 1003 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं और 17 मरीजों की मौत हो चुकी है। अभी 1079 सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार है।
फतेहाबाद में बनाया कोविड सेंटर
स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासन से कोविड सेंटर बनाने के लिए मांग की थी। राम सेवा समिति धर्मशाला को कोविड सेंटर बनाने की मंजूरी मिल गई है लेकिन अभी लिखित आदेश नहीं पहुंचे है। पहले शहर में तीन कोविड सेंटर चल रहे थे जिन्हें बाद में बंद कर दिया गया था।
रतिया और टोहाना में पैनल पर लिए जाएंगे अस्पताल
स्वास्थ्य विभाग ने रतिया और टोहाना में एक-एक निजी अस्पताल को पैनल पर लेने के लिए एसएमओ को आदेश जारी किए हैं। फतेहाबाद के सद्भावना अस्पताल में स्पेशल कोविड सेंटर पहले से चल रहा है।
1500 डोज कोवैक्सीन मिली
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जिले को 1500 डोज कोवैक्सीन मिली है। पहले 8000 डोज कोवैक्सीन मिली थी, इसके बाद तीन हजार डोज मिली। अब वीरवार को 1500 डोज मिली है। वीरवार को टीम हिसार से कोवैक्सीन डोज लेकर आई है।
407 लोगों को लगा टीका
स्वास्थ्य विभाग का वीरवार को कोरोना टीकाकरण अभियान धीमा रहा। 407 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 116 बुजुर्गों ने वैक्सीन की पहली और 138 ने दूसरी डोज लगवाई। 45 साल से ऊपर के 146 लोगों ने पहली और 52 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई है।
कोट
जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है और ऐसे में ज्यादा एहतियात बरतने की जरूरत है। स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय को पीपीई किट, दस्तानें, दवाओं, जांच किट की डिमांड भेजी गई है।
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी अधिकारी।