चुनाव आयोग भी जारी करेगा 1950 टोल फ्री नंबर : डीसी
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जेके आभीर ने कहा कि पुलिस के 100 नंबर की तर्ज पर चुनाव आयोग की तरफ से टोल फ्री नंबर 1950 को जारी किया जाएगा। इस टोल फ्री नंबर से मतदाताओं को अपने वोट से संबधित हर प्रकार की जानकारी मिल पाएगी। इतना ही नहीं जिला स्तर पर कॉल सेंटर की भी स्थापना की जाएगी। इस बारे उपायुक्त ने सोमवार को अपने कार्यालय में चुनाव अधिकारियों, बीएसएनएल व सभी टेलीकॉम ऑपरेटर की बैठक लेकर इस दिशा में जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि आगामी लोकसभा चुनावों के लिए राज्य व जिला स्तर पर कॉल सेंटर संचालित किया जाएगा, जिसका टोल फ्री नंबर 1950 होगा। इस नंबर पर चुनाव संबंधी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। किसी भी ऑपरेटर कंपनी से 1950 नंबर पर कॉल कर यह सुविधा ली जा सकेगी। इसके लिए टेलीकॉम कंपनियों को तैयारी करने के भी निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने कहा कि शिकायतों का सुव्यवस्थित और सुनियोजित तरीके से निराकरण किया जा सकेगा। मतदाता परिचय पत्र, मतदाता सूची, आदर्श आचरण संहिता के उल्लंघन और निर्वाचन से संबंधित किसी भी शिकायत को टोल फ्री नंबर 1950 पर दर्ज करने की व्यवस्था भी उपलब्ध है। उपायुक्त ने बताया कि राज्य स्तरीय कांटेक्ट सेंटर 1950 नंबर पर आई शिकायतों को एनजीएस पोर्टल पर दर्ज करने के लिए एक्जीक्यूटिव नियुक्त किए जाएंगे। जिलों में भी इसी तर्ज पर जिला स्तरीय कांटेक्ट सेंटर की स्थापना की गई है।
उपायुक्त ने चुनाव कार्यालयों में कॉल सेंटर की स्थापना के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश संबंधित विभागाध्यक्षों को जारी किए हैं। इस काल सेंटर पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाएं ताकि मतदाताओं को जानकारी हासिल करने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना ना करना पड़े। चुनाव आयोग की आयोजित वीडियो कांफ्रेंस में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. आभीर ने बताया कि आगामी 25 जनवरी को सभी बूथों सहित जिला मुख्यालयों पर कार्यक्रम आयोजित करके राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा। इस दिन नए मतदाताओं के मतदाता पहचान पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
बैठक में बीएसएनएल के एसडीओ सुभाष चंद्र, डीई राजेंद्र कुमार, वोडाफोन से रमेश कुमार, जियो रिलायंस से हरदीप सिंह, पुलिस कंट्रोल रूम इंचार्ज विरेंद्र कुमार, चुनाव कानूनगो राज कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।