‘देश भक्ति और राष्ट्र निर्माण’ विषय पर होगी भाषण प्रतियोगिता
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत नेहरू युवा केंद्र द्वारा रक्षा मंत्रालय के सहयोग से ‘देश भक्ति और राष्ट्र निर्माण’ विषय पर जिला से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक भाषण प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसी कड़ी में शहीद बाबा दीप सिंह शिक्षण संस्थान, रतिया में भी भाषण प्रतियोगिता कराई गई। इसमें सर्जन डॉ वीरेंद्र सिवाच मुख्य अतिथि और शहीद बाबा दीप सिंह शिक्षण समूह की चेयरपर्सन शरणजीत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
नेहरू युवा केंद्र कार्यक्रम संयोजक अनामिका कम्बोज ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 5 हजार रुपये, द्वितीय 2 हजार तथा तृतीय एक हजार रुपये होगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में शामिल होने का मौका मिलेगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम को 25 हजार, द्वितीय को 10 हजार तथा तृतीय विजेता को 5 हजार रुपये की राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तरीय पर विजेता को प्रथम पुरस्कार के लिए 2 लाख, द्वितीय को एक लाख तथा तृतीय को 50 हजार रुपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तरीय के विजेताओं को प्रधानमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर शहीद बाबा दीप सिंह शिक्षण संस्थान की प्राचार्य डॉ ममता चौधरी, नेहरू युवा केंद्र के जिला समन्वयक नरेंद्र यादव, एमएम कॉलेज प्राचार्य डॉ जनक मेहता, प्रवक्ता अमनदीप, क्रिसेंट कॉलेज प्राचार्य डॉ बलवान बेनीवाल सहित क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।