गायब बच्ची लुधियाना से बरामद, मेडिकल में रेप की पुष्टि
अमर उजाला ब्यूरो
भूना।
शहर की एक कॉलोनी से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुई 13 वर्षीय बच्ची को पुलिस ने पंजाब के लुधियाना शहर से बरामद कर लिया है। बच्ची को बहला-फुसला कर ले जाने वाले कृष्ण कुमार नामक युवक को भी पुलिस टीम ने काबू कर लिया है। शुक्रवार की सांय को बच्ची को मेडिकल करवाया गया, जिसमें बलात्कार की पुष्टि हुई है। जिसके बाद पुलिस ने पॉस्को एक्ट, अपहरण व दुष्कर्म करने का मामला दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व 13 वर्षीय आठवीं कक्षा की छात्रा रात्रि को संदिग्ध परिस्थितियों में घर से गायब हो गई थी। सुबह बच्ची घर पर नहीं मिली तो उसकी मां ने पुलिस में शिकायत देकर तलाश की गुहार लगाई थी। जिस पर पुलिस ने साइबर क्राइम सेल की मदद से पूरे मामले का पटाक्षेप कर दिया। छात्रा के मोबाइल पर बगला जोहड़ निवासी कृष्ण कुमार ने एक के बाद एक कई कॉल की हुई थी और व्हाट्सअप पर मैसेज भी भेजे थे। एसएचओ रमेश कुमार किरमारा ने बताया मोबाइल की लोकेशन के अनुसार पुलिस टीम को लुधियाना भेजा गया था, जहां कुछ घंटों के प्रयास के बाद आरोपी कृष्ण को काबू कर लिया गया।