मारपीट से आहत व्यक्ति ने जहर निगला, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
भट्टूकलां।
भट्टू पुलिस ने गांव किरढ़ान में आत्महत्या के लिए विवश करने के आरोप में एक महिला सहित दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में किरढ़ान निवासी सुरेश ने बताया कि वीरवार को उसका भाई करीब 26 वर्षीय सीताराम खेत में पानी लगाने गया था। रात को किरढ़ान निवासी सुनील कुमार ने मेरे भाई को अपने खेत में बुला लिया। वहां पर गांव की ही एक महिला सुमन भी मौजूद थी। इन दोनों ने मेरे भाई सीताराम के साथ रात को मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। शुक्रवार को सीताराम ने इस घटना के बारे में परिजनों को बताया। इसी दिन शाम को वह खेत जाने की बात कह कर घर से गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाते हुए कहा कि मेरा भाई सीताराम इन दोनों की मारर्पीट, जान से मारने की धमकी देने व लोकलाज की शर्म से तंग आकर खेत में पड़ी जहरीली दवाई पी ली। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस आरोप में किरढ़ान निवासी सुनील पुत्र रतनलाल व सुमन पत्नी लीलुराम के खिलाफ धारा 306, 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कार्यवाहक थाना प्रभारी रामसिंह ने बताया कि पुलिस ने आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।