हल्ला बोल रैली में फतेहाबाद से जाएंगे 2 हजार सामाजिक चिकित्सक: ओड
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद
सामाजिक चिकित्सक संघ की एक मीटिंग जाट धर्मशाला में प्रधान रणजीत सिंह ओड की अध्यक्षता में हुई। इस अवसर पर 26 नवम्बर को सामाजिक चिकित्सकों द्वारा करनाल में आयोजित होने वाली हल्ला बोल रैली के लिए विभिन्न गांवों में चिकित्सकों की ड्यूटियां लगाई गई।
इस अवसर पर संघ के जिला प्रधान रणजीत ओड ने स्वास्थ्य विभाग की सामाजिक चिकित्सकों पर की जा रही कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अपने साथ पुलिस को लेकर उनके प्रतिष्ठानों पर छापे मारते हैं, जैसे की वह कोई अपराधी हों। उन्होंने बताया कि सामाजिक चिकित्सकों को काफी सालों का अनुभव है और वह भाईचारे का प्रतीक हैं। गांवों, शहरों व कस्बों में गरीब, मजदूर वर्ग को कम पैसों का चिकित्सीय सुविधा मुहैया करवाकर पुण्य का कार्य कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोग बेवजह इन चिकित्सकों को परेशान करने में जुटे हैं।
उन्होंने कहा कि करनाल में आयोजित होने वाली रैली में फतेहाबाद से 2 हजार चिकित्सक भाग लेंगे। उन्होंने मांग की कि सामाजिक चिकित्सकों पर की जा रही कार्रवाई को रोका जाए, दर्ज मुकदमों को वापिस लिया जाए तथा चिकित्सकों को चिकित्सा करने की इजाजत दी जाए। इस बैठक में डॉ.पंछीराम, डॉ.राजपाल, डॉ.मक्खन लाल, डॉ.हरजिन्द्र सिंह, डॉ.देसराज, डॉ.रामस्वरूप सोतरिया, डॉ.विनोद, डॉ.सुरेश पंचारिया, डॉ.अश्वनी, डॉ.इकबाल, डॉ. विनोद मेहंदीरत्ता, डॉ.कुलवंत सिंह, डॉ.हेमराज व विभिन्न गांवों से आए चिकित्सकों ने भाग लिया।