फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीजेपी में शामिल हुए विधायक दौलतपुरिया कई आसनों में अटके, प्रशिक्षकों ने किया दुरुस्त

विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहाबाद। भले ही मोदी सरकार के आने के बाद ये पांचवां योग दिवस समारोह रहा हो, लेकिन हाल ही में इनेलो छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए फतेहाबाद के निवर्तमान विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया का ये पहला ही योग दिवस कार्यक्रम था और यही बात उनके योगाभ्यास के दौरान भी साफ तौर पर नजर आई। विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया प्रोटोकॉल योगाभ्यास के दौरान कई आसनों में अटके। इसके बाद पतंजलि व आयुष विभाग के प्रशिक्षकों ने उनकी गलतियों को सुधरवाते हुए उन्हें दुरुस्त किया। कमोबेश यही हालात योग दिवस कार्यक्रम में प्रथम पंक्ति में मौजूद रहे कई वीआईपीज के भी थे।
विज्ञापन

एसपी को मक्रासन में हाथ बांधने का किया इशारा तो एडीसी को भुजंगासन पर सीख देते दिखे प्रशिक्षक
शुक्रवार सुबह नई अनाजमंडी में आयोजित योग दिवस समारोह में योगाभ्यास के दौरान हालांकि एसपी विजय प्रताप सिंह एवं एडीसी डा. सुभिता ढाका ने अधिकतर योगासन बेहद गंभीरता एवं सही तरीके से किए। लेकिन कुछ आसन में उनसे भी गलतियां हुई जिन्हें योग प्रशिक्षकों ने तुरंत दुरूस्त करवाया। एसपी विजय प्रताप सिंह ने एक आसन के दौरान हाथों की मूवमेंट गलत रखी हुई थी, इस दौरान वहां डयूटी पर तैनात पतंजलि के योग प्रशिक्षक ने तुरंत उनकी गलत पोजिशन को ठीक करवाया। इसी तरह मक्रासन के दौरान एडीसी डा. सुभिता ढाका के पैरों की पोजीशन गलत देखते ही प्रशिक्षकों ने उनके आसन में भी सुधार करवाया। इस योगाभ्यास के दौरान बीजेपी जिलाध्यक्ष वेद फुलां को किसी भी आसन में योग प्रशिक्षक ने नहीं टोका बल्कि उनके सभी योगासन पूरी तरह से सही थे। इस पंक्ति में मौजूद डा. सिवाच ने कई आसन बीच में ही छोड़ दिए तो बीजेपी निगरानी कमेटी के अध्यक्ष गुलशन हंस ने भी एक-दो आसन में गलतियां की।
भीड़ को लेकर अधूरे रहे प्रशासन के दावे
नई अनाजमंडी में आयोजित किए गए योग दिवस कार्यक्रम में प्रशासन ने हजारों साधकों के आने के दावे किए थे। लेकिन प्रशासन के दावे के आधे लोग भी बमुश्किल पहुंचे। सही मायनों में शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग ने इस कार्यक्रम की लाज बचा ली। शिक्षा विभाग के विभिन्न स्कूलों से तकरीबन 12 स्कूल बसों में भरकर एक हजार के करीब बच्चे पहुंचे। इसी तरह स्वास्थ्य विभाग से भी आशा वर्कर्स, के अलावा भट्टू सरकारी अस्पताल से सौ के करीब स्वयंसेवकों की एक टीम योगाभ्यास के लिए सिविल सर्जन डा. मनीष बंसल के नेतृत्व में पहुंची। हालांकि फतेहाबाद अस्पताल से सिर्फ डा. कुलदीप गौरी ही योगाभ्यास करते नजर आए।
विज्ञापन

डीसी नहीं पहुंचे तो मुख्यातिथि को लेकर संशय में दिखे आयोजक
सिरसा रोड स्थित नई अनाजमंडी में आयोजित जिलास्तरीय योग दिवस समारोह के मुख्यातिथि डीसी धीरेंद्र खड़गटा थे। लेकिन योग दिवस के दिन अचानक किसी कार्य के चलते वो इस समारोह में शामिल नहीं हो सके। जिसके बाद कार्यक्रम के आयोजक आयुष विभाग व लोकसंपर्क विभाग के अधिकारी मुख्यातिथि को लेकर संशय में दिखे। कार्यक्रम में उस समय पुलिस कप्तान विजय प्रताप सिंह व अतिरिक्त उपायुक्त सुभिता ढाका मौजूद थे। किसी एक को मुख्यातिथि घोषित करने की बजाए आयोजकों ने फिर दोनों को ही मुख्यातिथि बनाकर बीच का रास्ता निकाला।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें