अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ खंड फतेहाबाद व नागपुर कार्यकारिणी की संयुक्त बैठक प्रधान मुरारी लाल व विरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन सचिव सुमेर आर्य ने किया। उन्होंने संघ द्वारा किए जाने वाले आंदोलनों व कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस पर सदस्यों ने अपने विचार और सुझाव रखे।
मीटिंग को संबोधित करते हुए संघ के जिला प्रधान सुरजीत ने बताया कि सरकार शिक्षा विभाग में आऊटसोर्सिंग से प्राइवेट कंपनियों को ग्रुप सी व डी की भर्ती करने का ठेका देकर शिक्षा का निजीकरण कर रही है लेकिन अध्यापक संघ सरकार की इस मंशा को किसी भी सूरत में कामयाब नहीं होने देगा। राज्य कमेटी सदस्य राजपाल ने बताया कि शिक्षा बोर्ड भिवानी के चेयरमैन द्वारा एचटेट की परीक्षा में किए गए करोड़ों रुपये के घोटाले को अध्यापक संघ व सर्व कर्मचारी संघ द्वारा उजागर करने पर यह मुद्दा विधानसभा में गूंजा और सरकार ने जांच करवाने का आश्वासन दिया लेकिन मामले को उजागर हुए 6 महीने से अधिक समय बीत चुका है। इस मामले में सरकार न कोई कार्यवाही नहीं की बल्कि अध्यापक संघ व सर्व कर्मचारी संघ के नेताओं व किसान नेताओं सहित इस मामले के उजागर करने वाले 27 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाकर कोर्ट में केस दायर करवा दिया। संघ इसकी कड़े शब्दों में निंदा करता है व इसके खिलाफ जोरदार अभियान चलाकर आंदोलन किया जाएगा। 31 जुलाई को हिसार स्थित कैंप कार्यालय जोकि चेयरमैन का आवास भी है, को घेरा जाएगा।
संघ के जिला कोषाध्यक्ष रघुनाथ मेहता ने कहा कि संघ ने लंबे संघर्ष के बाद पिछली सरकार से नीति बनवाकर कच्चे कर्मचारियों को पक्का करवाना था लेकिन इस सरकार ने कोर्ट में सही ढंग से पैरवी न करके इस नीति को रद्द करवा दिया। रोजगार देने की बजाय रोजगार छीना जा रहा है, जिसकी अध्यापक संघ कड़े शब्दों में निंदा करता है और सरकार से मांग करता है कि विधानसभा सत्र बुलाकर अध्यादेश लाकर इस फैसले को रद्द किया जाए। महिला विंग की कन्वीनर डॉ. नीतू रानी ने संघ के कार्यों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 14 जुलाई को राजकीय व.मा. विद्यालय में आयोजित महिला कन्वेंशन में महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। बैठक में सर्वकर्मचारी संघ के कोषाध्यक्ष रामनिवास वर्मा, राजेश गोठड़ा, सम्मत राम, सोमवीर, मोहन ढिल्लो, प्रवक्ता तरूण गेरा, अनिता रानी, अनिल इंदल सहित अनेक सदस्य मौजूद थे।