अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना।
गांव कन्हडी के पास सड़क हादसे में बीएसएफ के रिटायर्ड सूबेदार कर्ण सिंह की मौत हो गई। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक 50 वर्षीय कर्ण सिंह बिनैन खाप का सचिव बताया गया है।
जानकारी अनुसार गावं सुलहेडा निवासी 54 वर्षीय रिटायर सूबेदार कर्णसिंह अपने किसी कार्य के लिए मोटरसाइकिल द्वारा टोहाना आ रहा था कि अचानक सामने से आ रहे ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। जिससे वह मौके पर बेसुध हो गया। आरोपी ट्रक चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने घायल को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पाकर बिनैन खाप से जुड़े गांवों के खाप नेता भी मौके पर पहुंचे। घटना के बाद मौके पर सदर प्रभारी सोमवीर ढाका एंव थाना शहर प्रभारी प्रदीप कुमार भी पहुंचे। मृतक कर्ण सिंह दस साल पहले बीएसएफ से रिटायर हुए थे। अपने पीछे वो दो लडके एवं एक लड़की को छोड़ गए हैं। इस बारे में गांव कन्हडी निवासी महाराज सिंह ने बताया कि रिटायर सूबेदार कर्णसिंह 52 गांवो की पंचायत बिनैन खाप के सचिव थे तथा खाप से संबधित मामलो में अपना पक्ष रखते थे। इस बारे में थाना शहर प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में ले लिया तथा अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।