अमर उजाला ब्यूरो
रतिया।
गांव चिम्मो में बुधवार शाम को एक महिला ने गलती से जहरीली दवा निगल ली। परिजनों ने उसे रतिया के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया तो मामले की सूचना पाकर पता लेने आ रहा उसका पति घग्गर पुल के पास हादसे का शिकार हो गया। उसे टाटा ऐस चालक ने टक्कर मार दी। घायल को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, मगर उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के छोटे भाई की शिकायत पर टाटा ऐस चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में चिम्मो निवासी बलवंत सिंह ने बताया कि उसका बड़ा भाई जसवंत पिछले कुछ दिनों से पंजाब के आलमपुर मदरा गांव में रहता था। वह यहां पर खेती बाड़ी का काम करता था और उसके बच्चे गांव चिम्मो में ही रहते थे। उसने बताया कि बुधवार शाम को उसकी भाभी ने गलती से कोई जहरीली चीज खा ली थी, जिसके कारण बीमार हो गई थी। जिसे रतिया के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी भाई जसवंत को दी। सूचना पाकर जसवंत अपनी पत्नी का हालचाल जानने के लिए मोटरसाइकिल पर सवार होकर रतिया आ रहा था। जैसे ही वह घग्गर के पुल के पास पहुंचा तो सामने से आ रही टाटा ऐस ने तेजगति में उसके भाई के बाइक को टक्कर मार दी। जिससे उसका भाई बुरी तरह से घायल हो गया और उसका काफी खून बह गया। उसे लोगों ने उपचार के लिए रतिया के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए फतेहाबाद रैफर कर दिया। फतेहाबाद नागरिक अस्पताल में उसके भाई ने दम तोड़ दिया।