अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने बारहवीं के बाद कॉलेजों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य कर दिए हैं। यही आदेश अब विद्यार्थियों के गले की फांस बनता जा रहा है। ऑनलाइन आवेदन करते समय लगभग आधा दर्जन अलग-अलग परेशानियां बच्चों के सामने आ रही हैं। शिकायतों को लेकर खुद अधिकारी भी असमंजस में हैं। विभाग के अधिकारी इन मामलों में उच्च अधिकारियों से मार्गदर्शन मांगने की बात कहकर पल्ला झाड़ते नजर आ रहे हैं। उधर दूसरी ओर विद्यार्थियों के लिए परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
बैंक खाता अनिवार्य, अब आवेदन के साथ बैंक की लाइनों में लगने की मजबूरी
ऑनलाइन आवेदन करते समय उच्चतर शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों का बैंक खाता होना अनिवार्य है। इतना ही नहीं, उक्त बैंक खाता आधार नंबर से लिंक होना भी चाहिए। अब बारहवीं तक विद्यार्थी स्कूल में होता है तो उसके बैंक खाते की आवश्यकता इतनी नहीं होती, लेकिन अब विद्यार्थी कॉलेज आवेदन के साथ-साथ बैंकों के भी चक्कर काटने को मजबूर हैं। शिक्षा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस बार जिले के लगभग 12 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने बारहवीं की परीक्षा पास की है। लेकिन लीड बैंक के आंकड़ों के अनुसार लगभग साढ़े 7 हजार से अधिक विद्यार्थियों के बैंक अकाउंट नहीं होने की सूचना है। ऐसे में अगले दो-तीन दिन में बैंकों में विद्यार्थियों की लंबी-लंबी लाइनें भी लगनी शुरू हो सकती हैं।
15 की उम्र में दसवीं पास करने वालों को भी झंझट
बारहवीं के बाद ग्रेजुएशन के प्रथम साल में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय उन विद्यार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिन्होंने 15 साल या उससे कम उम्र में दसवीं की परीक्षा पास कर ली है। जिन छात्रों की उम्र दसवीं पास करते समय 15 साल या उससे कम थी, उनके आवेदन को साफ्टवेयर उठा ही नहीं रहा। यही दिक्कत एक साथ कई कॉलेजों को आवेदन भेजते समय भी आ रही है। इसके अलावा ऑनलाइन पेमेंट करते समय भी अतिरिक्त सरचार्ज देना पड़ रहा है। विभाग के नियमानुसार एक कालेज में आवेदन के लिए साढ़े 11 रुपये का अतिरिक्त सरचार्ज भी देना पड़ रहा है।
इस तरह से करें दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन
हायर एजूकेशन के पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पर क्लिक करें। पहले पेज में आवेदक की आधारभूत जानकारियां भरनी होंगी। इस पेज पर जानकारियां डालने से एक यूजर आईडी और पासवर्ड मिलेगा। इस यूजर आईडी और पासवर्ड को संभालकर रखना होगा। यही आगे हर जगह काम आएगा। इसके बाद दूसरे पेज पर जाकर लॉगिन आईडी और पासवर्ड से लॉगिन करना होगा। इस पर शैक्षणिक योग्यता का कालम भरना होगा। शुरु से लेकर पिछली कक्षा तक की डिटेल भरनी होगी। इसपर शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की सॉफ्ट कॉपी भी अपलोड करनी होगी। इसके बाद खुलने वाले तीसरे पेज पर क्रमवार कॉलेजों की डिटेल भरनी होगी। जिस कालेज में पहले दाखिला चाहते हैं, उसका नाम पहले आना चाहिए। उस कालेज के आगे कोर्स का नाम भी डालना होगा। इसके बाद जाकर ऑनलाइन पेमेंट का पेज सबसे अंत में खुलेगा। इस पर जाकर इंटरनेट बैंकिंग, क्रेडिट या डेबिट कार्ड से पेमेंट की जा सकेगी। इस विकल्प में विद्यार्थी एक साथ दस कालेजों के लिए आवेदन कर सकता है लेकिन प्रत्येक आवेदन के साथ डेढ़ सौ रुपये की फीस लगेगी।
ऑनलाइन आवेदनों संबंधी समस्या आने की बात कई विद्यार्थियों ने कही है। उनकी समस्या को हायर एजूकेशन के उच्चाधिकारियों की जानकारी में डाल दी गई है। जो भी आदेश होंगे, उसी अनुसार ही कार्य होगा। फिलहाल ऑनलाइन आवेदन ही लिए जा रहे हैं। कुछेक बच्चों को ही ऐसी दिक्कतें आ रही हैं, अन्यथा रोजाना सैकड़ों आवेदन आ रहे हैं।
रणधीर बेनीवाल, प्राचार्य, आईजी कॉलेज, व राजकीय कॉलेज भूना।
अमर उजाला खास खबर...
ऑनलाइन दाखिला : बैंक खाता, उम्र सहित कई मुश्किलें आ रही सामने
सात हजार से अधिक छात्रों के पास नहीं बैंक खाता, दाखिले के लिए किया गया अनिवार्य
15 की उम्र से पहले दसवीं पार करने वालों को भी परेशानी, ऑनलाइन पेमेंट पर देना पड़ रहा अतिरिक्त सरचार्ज
19एफटीबीपी09 : फतेहाबाद के एक साइबर कैफे पर ऑनलाइन आवेदन करता एक छात्र ।