कैंप के दौरान जांच करते हुए चिकित्सक। संवाद
टोहाना। नागरिक अस्पताल में शनिवार को दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए यूडीआईडी कार्ड शिविर लगाया गया। शिविर में 150 दिव्यांगजन पहुंचे इनमें 80 की स्क्रीनिंग कर मौके पर कार्ड प्रक्रिया पूरी की गई। 10 गंभीर मामलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
एसएमओ डॉ. कुणाल ने बताया कि शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर दिव्यांग प्रमाणपत्र और यूनिक डिसेबिलिटी आइडेंटिफिकेशन (विशिष्ट दिव्यांगता पहचान) कार्ड की सुविधा देना था। शिविर में आवेदन के साथ आधार कार्ड की प्रति और दो पासपोर्ट साइज फोटो लिए गए।
उन्होंने बताया कि शेष आवेदनों की जांच प्रक्रिया जारी है। यूडीआईडी कार्ड बनने से दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। कार्ड से बस और रेल यात्रा में रियायत मिलेगी। शिक्षा और रोजगार में आरक्षण का लाभ भी मिल सकेगा। इसके साथ राष्ट्रीय स्तर पर स्थायी पहचान मिलेगी। अलग-अलग प्रमाणपत्र दिखाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।