फतेहाबाद। जिले को टॉपर विद्यार्थी देने वाले सरकारी स्कूलों में गांव मोहम्मदपुर रोही (एमपी रोही) का राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भी शामिल है। हाल ही में कक्षा 12वीं के जारी हुए परीक्षा परिणाम में स्कूल की छात्रा खुशी ने कला संकाय में जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है।
ये स्थिति तब है जब स्कूल की छात्राओं को बेहतर क्लास रूम नहीं मिल पा रहे हैं। वजह ये है कि स्कूल के 15 कमरे जर्जर घोषित हो चुके हैं। ऐसे में स्कूल प्रबंधन को लाइब्रेरी तो कहीं गणित लैब में कक्षाएं लगानी पड़ रही हैं। यही नहीं कक्षा छठी से 8वीं तक की छात्राओं की कक्षाएं राजकीय प्राइमरी स्कूल में लग रही हैं।
वर्ष 2019 में इन कमरों को जर्जर घोषित किया जा चुका है लेकिन नए के निर्माण की प्रक्रिया अटकी हुई है। शिक्षा विभाग ने नए कमरों के निर्माण को लेकर पौने तीन करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। टेंडर भी लग चुका है, लेकिन अलॉटमेंट की प्रक्रिया अटकी हुई है। यहां तक एसएमसी ने जर्जर कमरों को तोड़ने का प्रस्ताव भी पास कर दिया है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार है।
-
लाइब्रेरी के किए गए हैं दो भाग
स्कूल में फिलहाल 6 कमरे हैं और छात्राओं की संख्या 328 है। इन कमरों में लाइब्रेरी, गणित कक्ष, पीसीए आदि शामिल हैं। छात्राओं को पढ़ाने के लिए लाइब्रेरी के दो भाग किए गए हैं। इसमें एक में कक्षा 11वीं और दूसरी में कक्षा 12वीं लग रही है। गणित लैब में दसवीं की कक्षाएं लग रही हैं। कक्षा नौंवी पीसीए के लिए बने कक्ष में लग रही हैं। यहीं नहीं कक्षा छठी से 8वीं की कक्षाएं प्राइमरी स्कूल में लग रही हैं।
-
रिपोर्ट कार्ड
स्कूल का नाम : राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल एमपी रोही (फतेहाबाद)
स्कूल की स्थापना - 1952
विद्यार्थियों की संख्या - 328
स्वीकृत शिक्षकों के पद - 22
कार्यरत - 20
कमरों की संख्या - 21
जर्जर घोषित - 15
-
पूर्व मुख्यमंत्री का पैतृक गांव में है एमपी रोही
गांव एमपी रोही का राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की स्थापना वर्ष 1952 में हुई थी। इसके बाद इस स्कूल को अपग्रेड किया गया। गांव एमपी रोही पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल और फतेहाबाद विधानसभा के पूर्व विधायक दुड़ाराम का पैतृक गांव है।
-
स्कूल के 15 कमरे जर्जर घोषित हो चुके हैं लेकिन फिर भी छात्राओं की पढ़ाई के लिए व्यवस्था बनाई गई है। उनकी कक्षाएं प्रभावित नहीं होने दी जा रही हैं। स्कूल में कमरों के निर्माण के लिए प्रक्रिया चल रही है, उम्मीद है जल्द काम शुरू हो जाएगा।
-भगवान दत्त, प्रधानाचार्य।
-
स्कूल में कमरों के निर्माण को लेकर टेंडर प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही एजेंसी को वर्कर ऑर्डर हो जाएगा। इसके बाद कमरों का निर्माण शुरू हो जाएगा।
- लीलूराम, एसडीओ, समग्र शिक्षा विभाग।