फतेहाबाद। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 शुरू होने में 15 दिन रह गए हैं, लेकिन इस बार अभी तक तैयारियां शून्य है। लोगों को घर-घर जाकर स्वच्छता सर्वेक्षण के बारे में जागरूक करने का अभी तक अभियान भी शुरू नहीं हुआ है। मंगलवार को नगर परिषद ने डोर टू डोर सर्वे और लोगों को जागरूक करने के लिए 50 सक्षम युवा बुलाए थे लेकिन मात्र 15 ही सक्षम युवा नगर परिषद में पहुंचे।
ऐसे में अब नगर परिषद अधिकारियों के सामने स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन कर पाना मुश्किल लग रहा है। सक्षम युवाओं के सहारे लोगों को नप अधिकारियों ने जागरूक करना है लेकिन हालात ये है कि सक्षम युवा सर्वे करने को तैयार ही नहीं है। सक्षम युवाओं ने घर-घर जाकर बताना है कि वह गीला-सूखा कचरा अलग रखें। इसके अलावा स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर पोर्टल पर अपना फीडबैक दें। अधिकारियों की माने तो फरवरी माह में स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू हो सकता है और इसको लेकर किसी भी दिन टीम यहां आ सकती है।
नाइट स्वीपिंग बंद, शौचालयों की सफाई नहीं
स्वच्छता सर्वेक्षण में रात को होने वाली सफाई के अंक दिए जाने है, इसके अलावा शहर के सार्वजनिक शौचालयों की सफाई को लेकर भी सर्वेक्षण होना है। लेकिन हालात ये है कि 50 लाख रुपये की स्वीपिंग मशीन कम्यूनिटी सेंटर में ही खड़ी है, रात को उससे सफाई ही नहीं की जा रही है। इसके अलावा शहर में सार्वजनिक शौचालयों की सफाई को लेकर अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली टेंडर का वर्क ऑर्डर जारी
शहर में डंपिंग साइट से कचरा उठाने के लिए नप अधिकारियों ने टेंडर लगाया था, जिसे रद्द कर दिया गया था। अब नए सिरे टेंडर लगाया गया। टेंडर 1 लाख 10 हजार रुपये में खुला है। कचरा उठाने के लिए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली मिल गए है।
चार सालों में स्वच्छता सर्वेक्षण परिणाम की ये है स्थिति
शहर 2021 2020 2019 2018
फतेहाबाद 30 27 177 191
टोहाना 60 26 329 289
भूना 178 105 399 172
रतिया 130 137 984 572
जाखल 552 --- -- ---
शहर से रोजाना ये निकलता है कचरा
शहर टन
फतेहाबाद 41
टोहाना 30
रतिया 20
भूना 10
फीडबैक पोर्टल अभी तक शुरू नहीं
स्वच्छता सर्वेक्षण में लोगों का फीडबैक भी लिया जाएगा। इसको लेकर एप और पोर्टल जारी होंगे लेकिन अभी तक इसकी शुरूआत नहीं हुई है। फीडबैक में पूछा जाएगा कि आपके शहर में सफाई को लेकर क्या व्यवस्था है।
कोट
स्वच्छता सर्वेक्षण फरवरी माह में होना है, 15 दिन रह गए है। तैयारियों को लेकर जुटे हुए है। लोगों को जागरूक करने के लिए नप और नपा स्तर पर सक्षम युवा लगाए जा रहे है। अभी तक फीडबैक को लेकर पोर्टल शुरू नहीं हुआ है।
- कुमार सौरभ, सिटी इंचार्ज, स्वच्छ भारत मिशन
कोट
स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर गंभीर है, जल्द सभी सक्षम युवाओं को ज्वाइन करवा दिया जाएगा। शहर में सफाई को लेकर सभी कमियों को दूर करने में जुटे हुए हैं।
- मुकेश शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक