फतेहाबाद। शिक्षा विभाग की तरफ से राष्ट्रीय साधन सह योग्यता योजना (एनएमएमएस) का प्रोविजनल परीक्षा परिणाम जारी किया गया है। इसमें जिले के 144 विद्यार्थी पास हुए हैं। पिछले साल नवंबर माह में ली गई परीक्षा 2499 विद्यार्थियों ने पास की थी।
जारी हुए परिणाम में खंड भूना के 61 विद्यार्थी पास हुए है। गोरखपुर के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की 18 छात्राओं ने ये परीक्षा पास की है। शिक्षा विभाग अब पास हुए विद्यार्थियों के दस्तावेज का वेरिफिकेशन करेगा। इसके बाद फाइनल परिणाम जारी किया जाएगा। उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग चार साल तक एक हजार रुपये प्रति माह के हिसाब से छात्रवृत्ति देगा।
- ये रहा खंड स्तर पर परिणाम
खंड चयनित विद्यार्थी
भट्टूकलां 22
भूना 61
फतेहाबाद 22
जाखल 2
रतिया 17
टोहाना 20
- इन स्कूलों के सबसे ज्यादा विद्यार्थी हुए पास
राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल गोरखपुर - 18
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल धोलू -13
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल काजलहेड़ी - 7
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल बनावाली - 6
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल जांडवाला बागड़ - 6
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल गाजूवाला - 5
राजकीय मिडिल स्कूल सरदारेवाला - 5
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल बैजलपुर - 5
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल नहला - 5
- छात्रा अंतिमा ने पाया प्रदेश में तीसरा स्थान
गांव गोरखपुर के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की 18 छात्राओं ने इस परीक्षा को उत्तीर्ण कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। विद्यालय की छात्रा अंतिमा ने फतेहाबाद जिले में प्रथम वहीं प्रदेश में तृतीय स्थान किया है। जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्नोई ने विद्यालय में पहुंचकर शानदार प्रदर्शन करने वाली इन छात्राओं को सम्मानित किया। इस उपलक्ष्य में गांव में सम्मान रैली भी निकाली गई। एनएमएमएस छात्रवृत्ति परीक्षा की तैयारी में प्रमुख योगदान देने के लिए प्रदीप बंसल मिडिल हेड व गणित अध्यापक, सत्यनारायण प्रवक्ता भूगोल, हनुमान सिंह प्रवक्ता हिंदी, पवन कुमार एसएस मास्टर व दीक्षा रानी, टीजीटी अंग्रेजी व अन्य स्टाफ सदस्यों को बधाई दी है।
-आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों लिए जाते हैं आवेदन
एनएमएमएस के लिए शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में कक्षा आठवीं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों से आवेदन मांगे थे। चयनित विद्यार्थियों को विभाग चार साल तक छात्रवृत्ति देगा। लेकिन शर्त ये रहेगी कि विद्यार्थी सरकारी स्कूल में पढ़ाई कर रहा होना चाहिए।
- दस्तावेजों की होगी जांच
जिले के 144 विद्यार्थी प्रोविजनल परिणाम में पास हुए हैं। इन विद्यार्थियों को 26 फरवरी तक दस्तावेज जमा करवाने होंगे। विद्यार्थी के सातवीं कक्षा के प्रमाण पत्र की जांच की जाएगी। परिवार की वार्षिक आय साढ़े तीन लाख रुपये होनी चाहिए। इसमें एससी, बीसीए व दिव्यांग के प्रमाण पत्रों की जांच होगी। आधार कार्ड में नाम व जन्म तिथि रिकॉर्ड की जांच की जाएगी।
- रमेश कुमार, जिला गणित विशेषज्ञ, फतेहाबाद।