फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बस पर पथराव व परिचालक पर हमले के बाद रोडवेज ने बंद की बीघड़ बस सेवा, जीएम बोले, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही शुरू करेंगे बस

विज्ञापन
विज्ञापन
रोडवेज बस पर पथराव और परिचालक पर हमले के बाद विभाग ने बंद की बीघड़ बस सेवा
विज्ञापन

विष्णु नाढ़ोड़ी
फतेहाबाद। रोडवेज कर्मचारियों और बीघड़ गांव के युवकों के बीच विवाद की आंच अब ग्रामीणों को मिलने वाली बस सुविधा तक पहुंच गई है। रोडवेज प्रशासन ने गांव बीघड़ में जाने वाली बस सेवा बंद कर दी है। हालांकि वीरवार सांय गांव बीघड़ की पंचायत ने इस मुद्दे पर रोडवेज जीएम जयवीर यादव से मुलाकात कर बस सेवा बहाल करने की गुहार भी लगाई, लेकिन रोडवेज जीएम ने उन्हें दो टूक जवाब दे दिया है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक बस सेवा बंद रहेगी। इतना ही नहीं, रोडवेज जीएम के नेतृत्व में एक विशेष प्रतिनिधिमंडल इस संदर्भ में एसपी दीपक सहारण से मिलकर बाकी बचे आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की भी मांग करेगा। गांव बीघड़ को जाने वाली करीब 15 बसें पिछले दो दिन से बंद पड़ी हैं।
गौरतलब है कि सोमवार को बाइक के साथ बस स्टैंड में खड़े तीन युवकों की रोडवेज परिचालक टेकचंद से बाइक हटाने को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद बस स्टैंड चौकी पुलिस ने परिचालक के बयान के आधार पर तीनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें काबू कर लिया था। इसके बाद मंगलवार को जमानत मिलने के बाद तीनों आरोपियों गांव के ही करीब 20 अन्य युवकों के साथ मिलकर मंगलवार को गांव में पहुंची रोडवेेज की बस पर पथराव कर दिया था। इतना ही नहीं आरोपियों ने जहां परिचालक टेकचंद के पैर में चाकू मारा, वहीं चालक बलवान की भी पिटाई की थी। इसके बाद इस मामले में मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने घायल परिचालक टेकचंद के बयान के आधार पर कुल 9 लोगों को नामजद करते हुए करीब 20 अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर बुधवार शाम को दो सगे भाईयों गुरप्रीत व प्रदीप को काबू कर लिया था।
विज्ञापन

--------
ग्रामीण बोले, हम भी एसपी से मिलकर करेंगे आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग
जीएम से मिलने आए गांव बीघड़ की ग्राम पंचायत व ग्रामीणों ने जीएम जयवीर यादव को आश्वासन दिया कि वे भी पुलिस कप्तान से मिलकर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करवाने की मांग करेंगे ताकि गांव में बस सेवा बहाल हो सके। वहीं ग्रामीणों ने यह भी आश्वासन दिया है कि वे गांव में बस सेवा बहाल होने पर विभाग को पूरा सहयोग करेंगे तथा इस बात की पूरी कोशिश करेंगे की भविष्य में ऐसी अप्रिय घटना ना हो। ग्रामीणों का कहना था कि वे पुलिस को भी आरोपियों को पकड़ने में पूरा सहयोग करेंगे।
------------
गांव बीघड़ से होकर जाने वाली 15 बसें हैं बंद
रोडवेज बस पर पथराव होने व परिचालक को चाकू मारने के बाद से रोडवेज कर्मचारियों ने गांव में बस ले जाने से इंकार कर दिया था। जिस कारण बुधवार से गांव में कोई भी बस नहीं गई है। यहां बता दें कि गांव बीघड़ में रोजाना रोडवेज बसों के 15 से भी अधिक फेरे हैं, क्योंकि बसें गांव बीघड़ से होते हुए आगे कई गांवों में जाती हैं। रोडवेज टीएम ने इस बात की पुष्टि की है कि केवल बीघड़ गांव की सेवाएं ही बंद की गई हैं। आगे के गांवों में अन्य रूटों से बसें भेजी जा रही है।
-------
जीएम बोले, हम नहीं चाहते जनता परेशान हो, आरोपियों के गिरफ्तार होते ही चला दी जाएंगी बसें
इस संबंध में रोडवेज जीएम जयवीर यादव ने बताया कि वे नहीं चाहते की बसें नहीं जाने से लोगों को परेशानी हो लेकिन जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक गांव में बसें नहीं भेज सकते। उन्होंने कहा कि जैसे ही पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी वैसे ही गांव में बसों की सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा वे खुद भी इस संबंध में पुलिस कप्तान दीपक सहारण से बात कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग करेंगे।
विज्ञापन

--------
आरोपियों को जल्द ही कर लिया जाएगा काबू : एसपी
वहीं इस संबंध में जब पुलिस कप्तान दीपक सहारण से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सदर थाना पुलिस लगातार आरोपियों को काबू करने के लिए लगी हुई हैं तथा अब तक दो आरोपियों को काबू भी कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही बाकी आरोपियों को भी काबू कर लेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें