अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। प्रशासन ने हांसपुर रोड पर बड़े वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया है। इससे इस रूट पर पड़ने वाले सात गांवों के हजारों ग्रामीणों को राहत मिलेगी। उपायुक्त वीरवार डॉ. जेके आभीर ने लघु सचिवालय के सभागार में सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित वाहन पॉलिसी के तहत जिला स्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए ये निर्देश जारी किए।
अधिकारियों को संबोधित करते हुए डीसी डॉ. आभीर ने राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे राजमार्ग स्थित दरियापुर पुल, हांसपुर चौक, भूना और धांगड़ पुल के पास मार्किंग करें ताकि चालकों को चिह्न स्पष्ट दिखाए दें। गौरतलब है कि नेशनल हाईवे पर पड़ने वाले टोल टैक्स से बचने के लिए भटिंडा से आने वाले बड़े टैंकर एवं ट्रक आदि सरदूलगढ़ के रास्ते हांसपुर और दौलतपुर होते हुए फतेहाबाद में प्रवेश करते थे, जिसके कारण सिंगल रोड पर आए दिन हादसे होते रहते थे।
उपायुक्त डॉ. जेके आभीर ने जिला में दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हरियाणा विजन जीरो के तहत और अधिक मजबूती और मुस्तैदी के साथ काम करने को कहा है। उपायुक्त ने आम नागरिकों में सुरक्षित वाहन के बारे अधिक से अधिक जागरूकता फैलाने तथा उन्हें नियमों को फालो करने का आह्वान किया है। डॉ. आभीर ने कहा कि अधिकारी स्वयं गाड़ी चलाते समय सावधानियां बरते और दूसरे लोगों को भी गाड़ी चलाने में सावधानी बरतने तथा सड़क सुरक्षा नियमावली के बारे में जागरूक करे।
उपायुक्त डॉ. आभीर ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि जिला में स्पीड ब्रेकरों की स्थिति को सुधार जाए। जो स्पीड ब्रेकर गलत जगह बने हैं, उन्हें वहां से हटा दिया जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, जिप सीईओ डॉ जयबीर यादव, डीएसपी जगदीश काजला, डीडीपीओ अनुभव मेहता, डीआरओ बाल कृष्ण, डीएफओ रघुबीर जांगू, डीईओ दयानंद सिहाग, सीएमजीजीए सुश्री प्रियंका कंडोला सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे।