भूना में जमीनों के कलेक्टर रेट में 15 फीसदी की कमी, लोगों को मिली राहत
अमर उजाला ब्यूरो
भूना । जिला प्रशासन ने भूना में जमीनों के कलेक्टर रेट में 15 फीसदी की कमी की है। प्रशासन के इस फैसले से लोगों को काफी राहत मिली है। मौजूदा दौर में प्रॉपर्टी में आई मंदी के चलते बाजार में प्रॉपर्टी के दाम काफी कम थे और कलेक्टर रेट अधिक होने के कारण लोग प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री करवाने से पीछे हट रहे थे लेकिन अब नए कलेक्टर रेट आने के बाद तहसील कार्यालय को भी अधिक राजस्व की उम्मीद जगी है। नायब तहसीलदार विजय कुमार ने इसकी पुष्टि की है।
यहां-यहां कम हुए हैं कलेक्टर रेट कम :-
भूना नगरपालिका एरिया में वर्ष 2017-18 में कलेक्टर रेट नहरी जमीन के 19 लाख रुपये प्रति एकड़ थे। जबकि बिरानी जमीन के रेट 14 लाख 20 हजार रूपए थे तथा गैर मुमकिन जमीन के भाव प्रति वर्ग गज 11सौ रुपये था। जिसको जिला कलेक्टर अधिकारी ने घटा कर नहरी जमीन के कलेक्टर रेट 16 लाख रुपये व बिरानी के 12 लाख तथा गैरमुमकिन प्रति वर्ग गज साढे 9 सौ रुपये कर दिए गए है। इसी तरह ग्राम पंचायत खासा पठाना, भूंदड़ा, नाढ़ोडी, घोटडू, धौलू, डूल्ट, बुवान, नहला, दहमान, जांडली कलां, चौबारा, मोचीवाली व चंद्रावल कलेक्टर रेट नहरी जमीन के 14 लाख 20 हजार से घटाकर 12 लाख रुपये प्रति एकड़ कर दिए है। जबकि बिरानी जमीन के कलेक्टर रेट 10 लाख 80 हजार रुपये से घटाकर 9 लाख रुपये प्रति एकड़ कर दिया गया है। ग्राम पंचायत जांडली खुर्द, दिगोह, बैजलपुर व गोरखपुर में 15 लाख 60 हजार से घटाकर नहरी जमीन के कलेक्टर रेट 13 लाख 20 हजार रुपये कर दिए गए है। जबकि बिरानी ताल जमीन के कलैक्टर रेट 10 लाख 80 हजार से घटाकर 9 लाख रुपये कर दिए गए हैं। इसी तरह भूना शहर के विभिन्न मार्गो व कालोनियों तथा रिहायशी में 15 प्रतिशत कलेक्टर रेट की कमी की है।